Site icon Buziness Bytes Hindi

महाराष्ट्र की जनता से भाजपा ने विश्वासघात किया: प्रियंका गाँधी

priyanka

महाराष्ट्र के शिरडी में आज एक चुनावी सभा में कांग्रेस महासचिव और वायनाड लोकसभा सीट से उम्मीदवार प्रियंका गाँधी भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि संविधान कहता है कि जनता के हाथों में सबसे बड़ी शक्ति उनका वोट है और जनता अपने वोट के द्वारा अपनी सरकार चुनेगी। लेकिन यहां पहले जनता ने सरकार चुनी और फिर पैसों के दम पर, डराकर-धमकाकर, एजेंसियों का इस्तेमाल कर यहां की सरकार चोरी की गई। यहां की सरकार चोरी करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP ने महाराष्ट्र की जनता के साथ विश्वासघात किया है।

प्रियंका ने एक बड़ा मुद्दा उठाते हुए कहा कि महाराष्ट्र का रोजगार दूसरे प्रदेश में क्यों भेजा गया। इस सरकार ने करीब 10 लाख करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट महाराष्ट्र से दूसरे प्रदेशों में भेज दिए। वेदांता-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर प्लांट, टाटा एयरबस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, ड्रग पार्क समेत कई प्रोजेक्ट महाराष्ट्र से गुजरात भेज दिए गए। यहां 2 लाख सरकारी पद खाली हैं, जिन्हें भरा नहीं गया। नौजवान बेरोजगार हैं, अपना आत्मविश्वास खो रहे हैं, उन्हें जवाब कौन देगा? नरेंद्र मोदी ने चंद अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया है, लेकिन किसानों की कर्जमाफी की बात पर कहते हैं कि ‘पैसा नहीं है’। वहीँ कांग्रेस की सरकारों ने किसानों का कर्ज माफ किया है।

प्रियंका ने कटाक्ष करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी मंच से आकर कहते हैं, वो सरकार और थी, ‘आज मोदी है’। उन्होंने कहा कि सच बात है, आज मोदी है और इसीलिए देश में महंगाई है, महाराष्ट्र का किसान तड़प रहा है, 10 साल से सोयाबीन के दाम नहीं बढ़ाए, आपने किसानों के लिए क्या किया है। खेती-किसानी के सामान पर GST लगा दिया। प्याज, कपास, दूध, संतरे के किसान पर आपने हर तरफ से हमला किया है। जनता अब समझ गई है कि वो सरकार और थी और ‘आज मोदी है’।

Exit mobile version