कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 78वें स्वतंत्रता दिवस पर अपने भाषण में केंद्र की भाजपा नीत सरकार पर ताजा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ताधारी दल के लोग ‘विभाजनकारी सोच’ को बढ़ावा दे रहे हैं। खड़गे ने सत्तारूढ़ भाजपा पर नफरत फैलाने के इरादे से हर साल 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाने का आरोप लगाया।
पार्टी मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “क्रांतिकारियों के योगदान को याद करने और उनके विजन पर चलने के बजाय आज के शासक विभाजनकारी सोच को बढ़ावा दे रहे हैं। वे सिर्फ नफरत फैलाने के इरादे से ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाते हैं।” कांग्रेस अध्यक्ष ने आरएसएस पर हमला बोलते हुए कहा, “इस बात के सबूतों की कमी नहीं है कि संघ परिवार ने किस तरह अंग्रेजों की ‘फूट डालो और राज करो’ की षडयंत्रकारी सोच को अपने स्वार्थ के लिए जानबूझकर आगे बढ़ाया है।”
उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा नहीं लिया, वे कांग्रेस पार्टी को सलाह देते हैं। यह ऐतिहासिक सत्य है कि उनकी नफरत भरी राजनीति ने देश को दो हिस्सों में बांट दिया। यह विभाजन उन्हीं की वजह से हुआ।” स्वतंत्रता आंदोलन का जिक्र करते हुए खड़गे ने कहा, “स्वतंत्रता आंदोलन में अनगिनत भारतीयों ने बलिदान दिया। हम स्वतंत्रता आंदोलन के सभी नायकों को नमन करते हैं।” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “मोदी सरकार का यह 11वां साल है, लेकिन लोगों का जीवन बेहतर होने के बजाय बदतर होता जा रहा है। आम लोग बेरोजगारी, महंगाई, असमानता और भ्रष्टाचार से रोजाना जूझ रहे हैं। सरकार अपने अहंकार के कारण इसे मानने से इनकार कर रही है।”
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के लोगों की प्रगति और बेहतरी के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पहले वीडियो संदेश के जरिए देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा, “विपक्ष लोकतंत्र की ऑक्सीजन की तरह है। यह सरकार के असंवैधानिक रवैये को रोकने के साथ ही लोगों की आवाज को बुलंद करता है।

