मेरठ: नामांकन में खामी और मुकदमें का खौफ दिखाकर बीजेपी ने मेरठ समेत 15 जिला पंचायत अध्यक्ष पद के सिंहासन पर निर्विरोध कब्ज़ा कर लिया है. मेरठ में सपा प्रत्याशी के नामांकन को खारिज कर दिया गया जबकि बुलंदशहर में पर्चा दाखिल करने से पहले ही प्रत्याशी और कई सदस्यों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए.
भाजपा ने आगरा, गाजियाबाद मुरादाबाद बुलंदशहर ललितपुर मऊ चित्रकूट गौतमबुद्ध नगर श्रावस्ती गोरखपुर बलरामपुर झांसी गोंडा अमरोहा और मेरठ जिला पंचायतों में कामयाबी हासिल की.
आज सुबह मेरठ के जिलाधिकारी कोर्ट में सपा रालोद गठबंधन की प्रत्याशी सलोनी गुर्जर ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पर्चा दाखिल किया. दूसरा पर्चा भारतीय जनता पार्टी से गौरव चौधरी का आया. दोपहर बाद जब नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की गई तो सलोनी गुर्जर का पर्चा निरस्त कर दिया गया.
मेरठ के जिलाधिकारी के0 बालाजी ने बताया के सपा-रालोद गठबंधन की प्रत्याशी सलोनी गुर्जर के प्रस्तावक के दस्तावेजों में खामियां मिली हैं जिसके आधार पर प्रत्याशी का नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया. इस तरह चुनाव मैदान में केवल बीजेपी का प्रत्याशी ही बाकी रह गया.
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता, धन और बल का बेजा इस्तेमाल कर रही है. गलत तरीके से प्रस्तावक के दस्तावेजों में खामियां बताई गई और प्रत्याशी का पर्चा निरस्त किया गया है. हम अपने सहयोगी दलों से बातचीत कर रहे हैं. इस मामले को जनता के दरबार से लेकर अदालत तक लड़ा जाएगा.
इसी तरह बुलंदशहर जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर बीजेपी की डॉ0 अंतुल तेवतिया निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई हैं. यहां पर सपा-रालोद गठबंधन की ओर से दावेदार आशा यादव नामांकन पत्र भी दाखिल नहीं कर सकी. आरोप है कि कई सदस्यों और प्रत्याशी के पति के खिलाफ बीती रात बुलंदशहर नगर कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए.
आशा यादव बुलंदशहर जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं. उनके पति हरेंद्र यादव भी डिस्ट्रिक्ट बोर्ड के चेयरमैन रहे हैं. विपक्ष की ओर से आशा यादव और गीता चरोरा ने नामांकन पत्र खरीदे थे. रणनीति यह थी कि अगर आशा यादव का पर्चा खारिज किया जाता है तो गीता चरोरा का पर्चा बना रहेगा.
वहीँ गीता चरोरा को भी उनके घर में नजरबंद कर दिया गया. पूर्व जिला पंचायत सदस्य रही गीता के पति सुनील चरोरा के मुताबिक उनके खिलाफ साजिश की गई. सुनील चरोरा और उनके साथी पिंटू प्रमुख को पुलिस ने सुबह गिरफ्तार कर लिया और उन्हें थाने में बिठाए रखा. पिंटू प्रमुख का साथी लटूर सिंह वार्ड नंबर 37 से जिला पंचायत सदस्य है. सुनील चरोरा, पिंटू प्रमुख और गीता चरोरा के खिलाफ एक महिला की ओर से बुलंदशहर कोतवाली नगर में गैंगरेप का मुकदमा कल दर्ज कराया गया था.

