बलिया: उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के दो चरण के मतदान के बीतने के बाद भी राजनीतिक पार्टी के पाला बदलने का क्रम अभी भी जारी है। इसी कड़ी में बलिया जिले में भाजपा ने सपा के कद्दावर नेता नारद राय के घर में सेंधमारी कर सपा प्रत्याशी को कमजोर करने का काम किया है। भाजपा प्रत्याशी दयाशंकर सिंह ने बलिया नगर विधानसभा सीट से सपा उम्मीदवार पूर्व मंत्री नारद राय के बड़े भाई वशिष्ठ राय को अपने पाले में कर लिया है।
Read also: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव – भाजपा ने जारी की 9 उम्मीदवारों की नई सूची
मंगलवार को वशिष्ठ राय के आवास पर पहुंचे भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और बलिया नगर से भाजपा प्रत्याशी दयाशंकर सिंह ने सपा के उम्मीदवार नारद राय पर जमकर हमला बोला। कहा, जो अपने भाई का नहीं हुआ वह जनता का क्या होगा। बलिया नगर विधानसभा की चुनावी लड़ाई रोचक मोड़ अख्तियार करती जा रही है। कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे राज्यसभा सांसद नीरज शेखर कहा कि पूर्व मंत्री अपनी हार देख बैखला गए हैं। इसीलिए व्यक्तिगत टिप्पणी कर रहे हैं। वहीं, भाजपा प्रत्याशी दयाशंकर सिंह ने कहा कि सपा के उम्मीदवार बौखलाहट में कभी देश के प्रधानमंत्री मोदी तो कभी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के बारे में अमर्यादित बातें बोल रहे हैं। लेकिन हमलोग राम के भक्त हैं और अनुशासन में रहने वाले लोग हैं।

