Telangana assembly election voting: तेलंगाना में छुटपुट नोंकझोक के बीच मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक तेलंगाना में 36 प्रतिशत मतदान हो चुका था। वहीं बीआरएस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी के भाई कोंडल रेड्डी कामारेड्डी इलाके में विभिन्न बूथों का दौरा कर रहे हैं। जबकि वह बूथों के मतदाता नहीं हैं। बीआरएस ने चुनाव आयोग शिकायत करने की बात कही है। वहीं कोंडल रेड्डी का कहना है कि बीआरएस कार्यकर्ताओं ने उन पर हमले की कोशिश की है। कोंडल रेड्डी ने भी पुलिस से शिकायत की है।
क्या है मामला
कोंडल रेड्डी ने बताया कि ‘मैं सामान्य एजेंट हूं और मैं बूथ गया लेकिन बीआरएस कार्यकर्ताओं ने उनको रोका और हमले का प्रयास किया। उनके (बीआरएस) वाहन पिछले 2-3 घंटे से मेरा पीछे लगे हुए हैं। वो मुझे रोकने की कोशिश कर रहे हैं। कोंडल रेड्डी ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत एसपी से की है।’
बीआरएस कार्यकर्ताओं का कहना है कि ‘कोंडल रेड्डी फर्जी पास लगाकर घूम रहे हैं और रिटर्निंग अफसर से बात करते हैं। उनके साथ 20 लोगों का काफिला हैं और वह विभिन्न पोलिंग बूथों पर गए हैं लेकिन पुलिस उन्हें कुछ नहीं कह रही है। वह मतदान में गुंडागर्दी कर रहे हैं। उनके कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया और 10 मिनट बाद छोड़ दिया। हम शिकायत चुनाव आयोग से करेंगे।’
जनगांव में भिड़े भाजपा और बीआरएस कार्यकर्ता
तेलंगाना जनगांव विधानसभा सीट पर भाजपा और बीआरएस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। हालांकि पुलिस ने किसी तरह मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति को थप्पड़ मार रहा है। इसी के साथ उसने व्यक्ति का कॉलर भी पकड़ लिया लेकिन मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने हालात को किसी तरह से नियंत्रित किया।

