Site icon Buziness Bytes Hindi

प्रापर्टी में लगा दी Bike Bot घोटाले की रकम


प्रापर्टी में लगा दी Bike Bot घोटाले की रकम

मेरठ। 3500 करोड़ के Bike Bot घोटाले की अधिकतर रकम को आरोपियों ने प्रापर्टी में इन्वेस्ट किया है। ईओडब्ल्यू की अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने लोनी, बुलंदशहर सहित कई शहरों में प्रापर्टी खरीदी है। ईओडब्ल्यू की टीम ने बुलंदशहर में खरीदी गयी 12 बीघा जमीन का निरीक्षण भी किया है। आरोपियों की संपति की पहचान कर उसे कुर्क करने की तैयारी की जा रही है।

चर्चित Bike Bot घोटाले की जांच जब शुरू हुई और तकरीबन 3500 करोड़ का घोटाला सामने आया तो सभी की आंखे खुली रह गयीं। Bike Bot स्कीम में पैसा लगाने वाले अपनी गाढ़ी कमाई चले जाने के गम में डूब गये। इस महा घोटाले की जांच कर रही उत्तर प्रदेश पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) और एसटीएफ ने गर्वित इनोवेटिव प्रमोटर्स लिमिटेड के निदेशक संजय भाटी के भाई सचिन भाटी और पवन भाटी तथा निदेशक करणपाल गिरफ्तार कर घोटाले की रकम के बारे में पूछताछ की तो नया खुलासा हुआ।

कंपनी के निदेशक करणपाल ने बताया कि Bike Bot से मिली रकम से उसने बुलंदशहर में 12 बीघा जमीन खरीदी है। उसने मेरठ में भी कई लोगों के साथ मिलकर प्रापर्टी में पैसा इन्वेस्ट किया हुआ है। वहीं सचिन और पवन भाटी भी लोनी में प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं।

एएसपी ईओडब्ल्यू राम सुरेश यादव ने बताया कि ईओडब्ल्यू तीनों अभियुक्तों के बैंक खातों, प्रापर्टी आदि की जांच कर रही है। प्रापर्टी की जांच होने के बाद उसे कुर्क करने की कार्रवाई की जायेगी। वहीं इस प्रकरण में एक मर्सिडीज चलाने वाले युवक की भूमिका भी सामने आ रही है। मेरठ के एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि उक्त युवक को भी जल्द पकड़ लिया जायेगा। माना जा रहा है कि मर्सिडीज चलाने वाले युवक की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में नये खुलासे सामने आयेंगे।

Exit mobile version