Site icon Buziness Bytes Hindi

Bihar : नालंदा और सासाराम में रामनवमी जुलूस के दौरान भीषण आगजनी और पथराव

violent clash

सासाराम। बिहार प्रदेश के सासाराम और नालंदा में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई झड़प में भीषण आगजनी और पथराव हुआ। दो गुटों में जमकर हुए पथराव और फायरिंग में जुलूस में शामिल एक युवक को गोली लग गई है।

आज शुक्रवार को रामनवमी के समापन पर जुलूस के दौरान सासाराम में हिंसा भड़की। इसके बाद ये हिंसा मुख्यमंत्री के गृह जिले नालंदा तक पहुंच गई। जहां पर दो गुटों में भीषण झड़प हुई।

नालंदा के लहेरी थाना इलाके के दीवानगंज इलाके में एक धार्मिक स्थल से पथराव के बाद हंगामा शुरू होने की बात सामने आई है। जुलूस की नारेबाजी के दौरान पथराव के बाद दो पक्ष के लोग भिड़ गए दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। गुस्साए लोगों ने आगजनी भी की। एक पक्ष के लोगों ने गोलीबारी की। इसमें जुलूस में शामिल 2 युवक घायल हो गए। दोनों की हालत गंभीर है। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

समझाने पर नहीं माने हिंसक पर उतारू लोग

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने पहले दोनों पक्ष के लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन लोग नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने लोगों को लाठी फटकार कर खदेड़ दिया। पुलिस ने माइक से घोषणा कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पत्थरबाजी में एक दर्जन लोग घायल हुए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार रामनवमी के समापन के मौके पर एक पक्ष द्वारा जुलूस निकाला गया था। जुलूस दीवानगंज इलाके के एक धार्मिक स्थल से गुजर रहा था।

इसी दौरान कुछ पक्ष के लोग पत्थरबाजी करने लगे। देखते ही देखते दूसरे पक्ष के लोग उग्र हो गए और दोनों ओर से पथराव होने लगा। इसी बीच दीवानगंज इलाके के कुछ असामाजिक तत्वों ने गोलीबारी की। इसमें जुलूस में शामिल दो युवकों के घायल होने के बाद तनाव और बढ़ गया।

Exit mobile version