Site icon Buziness Bytes Hindi

Bharat Jodo Yatra: आमंत्रण के लिए अखिलेश ने राहुल का जताया आभार, दीं शुभकामनायें

akhilesh

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राहुल गाँधी को पत्र लिखकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रण भेजे जाने पर आभार जताते हुए उन्हें यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनायें भेजी हैं. अखिलेश ने इससे पहले पत्रकारों से कहा था कि उन्हें ऐसा कोई निमंत्रण नहीं मिला, अगर आपको मिला हो तो मुझे भेज दीजिये। इसके साथ ही अखिलेश ने भाजपा और कांग्रेस को एक ही कटघरे में खड़ा करते हुए कहा था कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा अलग है.

ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया पत्र

अपने ट्विटर हैंडल पर राहुल गाँधी का भेजा गया पत्र भी उन्होंने पोस्ट किया। इस पत्र में इस बात का कहीं ज़िक्र नहीं है कि वह यात्रा में शामिल होंगे या नहीं। पत्र में उन्होंने लिखा है कि भारत भौगोलिक विस्तार से अलग एक भाव है जिसमें प्रेम, अहिंसा, करुणा, सहयोग और सौहार्द ही वह सकारात्मक तत्व हैं जो भारत को जोड़ते हैं. अखिलेश ने आशा जताई कि ये यात्रा हमारे देश की इसी समावेशी संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगी।

राहुल के बयान पर किया था पलटवार

इससे पहले कल अखिलेश यादव ने राहुल गाँधी के उस बयान पर ज़ोरदार प्रतिक्रिया दी थी जिसमें राहुल गाँधी ने कहा था कि समाजवादी पार्टी की कोई राष्ट्रीय नीति या सोच नहीं है. अखिलेश यादव ने राहुल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा था कि इसी समाजवादी पार्टी ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाई थी, सपा विधायकों के समर्थन से ही कमलनाथ मुख्यमंत्री बन पाए थे. अखिलेश ने कहा था कि समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बनने की ओर अग्रसर है और उसे जल्द ही राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलेगा। सपा का देश के अन्य राज्यों में विस्तार हो रहा है, समय समय पर समाजवादी पार्टी के विधायकों ने दुसरे राज्यों में भी पार्टी का प्रतिनिधित्व किया है.

Exit mobile version