कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज बिहार से उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गयी. यात्रा का स्वागत करने के लिए आज पार्टी महासचिव प्रियंका गाँधी को भाई के स्वागत के लिए मौजूद होना था लेकिन खराब तबियत की वजह से वो चंदौली नहीं पहुँच सकीं, हालाँकि तबियत ठीक होने पर वो न्याय यात्रा में यूपी में आगे शामिल होंगी, इस बात की जानकारी प्रियंका गाँधी ने खुद अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट के ज़रिये दी.
प्रियंका ने कहा कि वो बेसब्री से भारत जोड़ो न्याय यात्रा के उत्तर प्रदेश पहुँचने का इंतज़ार कर रही थीं लेकिन अचानक मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा जिसकी वजह से मैं चंदौली नहीं पहुँच सकी. प्रियंका ने प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं जो काफी दिनों से न्याय यात्रा की तैयारियों में लगे हुए थे।
यात्रा आज शाम चंदौली पहुंची है. यात्रा वाराणसी से होते हुए फिर भदोही, प्रयागराज और प्रतापगढ़ होते हुए 19 फरवरी को अमेठी पहुंचेगी। 19 फरवरी को राहुल गांधी के अमेठी लोकसभा क्षेत्र के गौरीगंज पहुंचेगी जहाँ राहुल की एक जनसभा को संबोधित करेंगे। न्याय यात्रा अगले दिन रायबरेली पहुंचेगी जहां से यह लखनऊ के लिए आगे बढ़ेगी, लखनऊ में भी राहुल गाँधी एक पब्लिक मीटिंग को अड्रेस करेंगे.
कहा जा रहा है कि रायबरेली में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी राहुल गाँधी के यात्रा में शामिल होंगे। न्याय यात्रा के कार्यक्रम में 21 फरवरी को उन्नाव भी शामिल है, उन्नाव शहर और शुक्लागंज के माध्यम से कानपुर में प्रवेश करेगी और उसी दिन मध्य प्रदेश में प्रवेश करने से पहले कानपुर और हमीरपुर के माध्यम से झांसी तक जाएगी। पहले ये यात्रा 26 फरवरी तक यूपी में रहने वाली थी लेकिन बोर्ड परीक्षाओं के चलते न्याय यात्रा के कार्यक्रम में संशोधन किया गया.