नई दिल्ली: भारत बायोटेक की तरफ से यह दावा किया गया है कि कंपनी अपने गुजरात प्लांट के साथ एक साल के अंदर वैक्सीन की 200 मिलियन (20 करोड़) डोज बनाने जा रही है और इसके लिए अलग-अलग जगहों पर बहुत तेजी से काम हो रहा है, जिसके लिए एडिशनल लैब की भी व्यवस्था की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, भारत बायोटेक की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी चिरोन बेहरिंग वैक्सीन्स, जो गुजरात के अंकलेश्वर में स्थित है, ने भारत की पहली स्वदेशी कोरोना वैक्सीन, कोवैक्सीन के प्रोडक्शन में तेजी लाने की घोषणा की है. भारत बायोटेक ने गुरुवार को कहा कि देश में टीकों की भारी कमी है, जिसे देखते हुए कंपनी की योजना GMP नियमों के तहत हर साल कोवैक्सीन की 200 मिलियन यानी 20 करोड़ डोज का उत्पादन करने की है.
इस योजना के तहत कंपनी के अंकलेश्वर प्लांट में कोवैक्सीन का प्रोडक्शन 2021 की चौथी तिमाही से शुरू होगा. चिरोन बेहरिंग प्लांट मुख्य रूप से रेबीज का टीका तैयार करती है.

