Site icon Buziness Bytes Hindi

शांतिपूर्ण रहा भारत बंद, देश के कई हिस्सों में पड़ा असर


शांतिपूर्ण रहा भारत बंद, देश के कई हिस्सों में पड़ा असर

नई दिल्ली: केंद्र के नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर किसान संगठनों के आह्वान पर बुलाए गए ‘भारत बंद’ के समर्थन में मंगलवार को देश के कई हिस्सों में दुकानें और कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे और परिवहन पर असर पड़ा। प्रदर्शनकारी सड़क पर उतरे और ट्रेन समेत यातायात को बाधित किया।

दिल्ली में दिखा बंद का असर
बंद से आपात सेवाओं और बैंकों को दूर रखा गया है। अखिल भारतीय बंद को अधिकतर विपक्षी दलों और कई ट्रेड यूनियनों का समर्थन मिला है। पंजाब, हरियाणा जैसे राज्यों और किसानों के प्रदर्शन का केंद्र बनी दिल्ली में बंद का असर दिखा। बंद को देखते हुए देशभर में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। कई जगहों पर प्रदर्शन का असर दिखा।

कई जगह रोकी गयीं ट्रेने
दिल्ली की सीमाओं पर हजारों किसान पिछले 11 दिन से प्रदर्शन कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा में प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर ट्रेनें रोकीं। पटना में डाक बंगला चौराहे पर पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर हुड़दंग किया। प्रदर्शन के दौरान आम लोगों की गाड़ियों की छत पर चढ़कर हंगामा भी किया।

राजस्थान में मण्डियां रहीं बंद
राजस्थान की राजधानी जयपुर में ‘मंडियां’ बंद थीं, लेकिन दुकानें खुली थीं। प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें हैं।

बेगूसराय में हाइवे जाम
बिहार के बेगूसराय में बंद समर्थकों ने पुलिस के बैरिकेड से हाइवे जाम कर दिया और टायरों को जलाया। हाजीपुर में किसानों के बंद के समर्थन में कुदाल के साथ सड़क पर मजदूरों ने किया प्रदर्शन, टायरों में लगाई आग। जहानाबाद में भारत बंद के समर्थकों ने NH-83 और NH-110 पर आगजनी कर जाम लगाया।

दिल्ली में मुख्या बाजार खुले रहे
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतर मुख्य बाजार खुले रहे लेकिन ऐप आधारित कैब सेवाएं सड़कों पर नहीं दिखी। हालांकि, सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी द्वारा दिल्ली पुलिस पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नजरबंद करने का आरोप लगाए जाने के बाद तनाव पैदा हो गया था।

Exit mobile version