राजस्थान में शुक्रवार को भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली, उनके अलावा दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इन तीनों को प्रदेश के राज्यपाल कलराज मिश्रा ने इन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बता दें कि भजनलाल शर्मा पहली बार विधायक बने हैं और भाजपा आला कमान ने बड़े बड़े राजनीतिक पंडितों को चौंकाते हुए उन्हें राजस्थान की कमान सौंपने का फैसला किया।
राजस्थान की 199 सीटों पर हुए हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 115 सीटें हासिल कर गेहलोत सरकार को दोबारा सत्ता में आने से रोका था. भजन लाल शर्मा ने सांगानेर से चुनाव जीता था, वहीँ उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाली दीया कुमारी विद्याधर नगर से और प्रेमचंद बैरवा दूदू विधानसभा सीट से सफल हुए थे। तीनों नेताओं को ये ज़िम्मेदारी देने का फैसला मंगलवार को हुई विधायक दल की बैठक में लिया गया था।
भजनलाल शर्मा ने 27 साल की उम्र में भरतपुर की नदबई तहसील के अटारी गांव से भजनलाल शर्मा ने सरपंच का चुनाव जीता था। इससे पहले वह 2003 में सामाजिक न्याय मंच पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं और ज़मानत ज़ब्त करवा चुके हैं, उस समय वो भाजपा के बागी थे। उन्हें सिर्फ 5969 ही वोट मिले। नदबई के गगवाना हाई स्कूल से 1986 में स्कूलिंग पूरी करने के बाद भजनलाल शर्मा ने 1989 में भरतपुर के महारानी श्री जया कॉलेज से स्नातक किया। इसके बाद 1993 में राजस्थान विश्वविद्यालय से राजनीती शास्त्र से एमए करने के बाद उन्होंने भाजपा में एंट्री ली।