तीन साल की सजा पा चुके पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायक बलवीर सिंह को मंत्री बनाए जाने को लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी (AAP ) पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा ने AAP पर देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी पैसे लेकर मंत्री बनाती है । भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा का दावा करती है लेकिन पंजाब में महिला के साथ बदसलूकी करने के आरोपी बलवीर सिंह को मंत्री बना रही है।
भ्रष्ट होना सबसे बड़ा मापदंड
भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, देश यह जानना चाहता है कि बलवीर सिंह को कितने पैसे लेकर मंत्री बनाया गया है। उन्होंने कहा कि आप सरकार में मंत्री बनने के लिए भ्रष्ट होना सबसे बड़ा मापदंड बन गया है, जिनके इस्तीफे के बाद बलवीर सिंह को मंत्री बनाया गया, वह फौजा सिंह रिश्वत मांगने के आरोप में घिरा है, पिछले कई महीनों से उसका ऑडियो मीडिया में गश्त कर रहा है। भाजपा प्रवक्ता सिरसा ने कहा कि इसके पहले पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंघला पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में घेरा और उसके बाद उसे इस्तीफा देना पड़ा। इसी तरह से दिल्ली में केजरीवाल सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन जेल बंद है, अभी तक उन्हें मंत्री पद से नहीं हटाया गया है, उनपर भ्रष्टाचार और मनी लांड्रिग के गंभीर आरोप हैं।
केजरीवाल को बताया बहुरूपिया और पैसे का पीर
भाजपा प्रवक्ता सिरसा ने कहा कि चुनाव के पहले आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का दावा करती है, लेकिन सरकार बनाने के बाद भ्रष्टाचार का खेल शुरू कर देती है। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बहुरूपिया और पैसे का पीर बताते हुए कहा कि AAP सरकार आने के बाद पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, खालिस्तानी संगठन अपने पैर फिर पसार रहे हैं.

