ऑस्ट्रेलिया ने सबसे तेज इंटरनेट चलाने का बनाया रिकॉर्ड
44.2 टेराबाइट पर सेकेंड की रही स्पीड
सिंगापुर में मिलती है अधिकतम 193एमबीपीएस की स्पीड
सुपर स्पीड नेट इस्तेमाल करने का अवसर जल्द आपको मिलने वाला है. दरअसल, ऑस्ट्रेलिया में सबसे तेज इंटरनेट चलाने का वल्र्ड रिकॉर्ड बन गया है. इसमें 44.2 टेराबाइट पर सेकेंड की स्पीड रही. आपको बता दें कि अभी सिर्फ सिंगापुर ऐसा देश है जहां इंटरनेट की मैक्सिमम स्पीड 193 एमबीपीएस है.
पलक झपकते ही डाउनलोड हुई 1000 मूवीज
ऑस्ट्रेलिया के मोनाश, स्वाइनबर्न और आरएमआईटी यूनिवर्सिटीज के रिसर्चर्स ने सबसे तेज यानी 44.2 टेराबाइट/सेकेंड की स्पीड से इंटरनेट चलाने में कामयाबी हासिल की है.इस स्पीड में पलक झपकते ही 1000एचडी फिल्में डाउनलोड हो सकती हैं या फिर आप 50 से अधिक 100जीबी की ब्लूरे फिल्में महज एक सेकेंड में डाउनलोड कर सकते हैं.
कैसे मिली कामयाबी?
रिसर्चर्स ने बताया कि उन्हें यह स्पीड उस डिवाइस के इस्तेमाल से मिली जो टेलीकॉम हार्डवेयर में मौजूद करीब 80 लेजर्स को माइक्रो कॉम्ब नामक उपकरण में बदल देता है. रिसर्चर्स ने अभी इसे व्यवसायिक तौर पर इस्तेमाल को लेकर कुछ नहीं कहा है, लेकिन यह संभव है कि आप किसी दिन 44.2 टेराबाइट/सेकेंड की स्पीड से इंटरनेट इस्तेमाल करें.
भारत में 25 से 50 एमबीपीएस की स्पीड
इससे पहले साल 2019 में एक एडल्ट वेबसाइट ने 11 पेटाबाइट प्रति सेकेंड की स्पीड से इंटरनेट चलाने का दावा किया था. भारत में इंटरनेट की औसत स्पीड 25-50एमबीपीएस है और सिंगापुर में अधिकतम 193एमबीपीएस की स्पीड से इंटरनेट चलता है.
कौन है सबसे तेज इंटरनेट प्रोवाइडर?
सबसे तेज इंटरनेट प्रोवाइडर्स की बात करें तो गूगल फाइबर की स्पीड 1,000एमबीपीएस है, वहीं वेरिजोन की 940एमबीपीएस, आरसीएन की 1,000एमबीपीएस और एक्सफाइनाइटी के इंटरनेट की स्पीड 2000एमबीपीएस है.
बैंडविद की डिमांड पूरी हो सकती है
माइक्रो-कॉम्ब को मेलबर्न के यूनिवर्सिटी कैंपसेज को जोड़ने वाले नेटवर्क में प्लान्ट किया गया था. एक सिक्के से भी छोटा माइक्रो-कॉम्ब इन्वेंट करने वाले स्विनबर्न यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डेविड मॉस ने कहा, ‘इनकी मदद से बैंडविद की डिमांड को पूरा किया जा सकता है.’

