Site icon Buziness Bytes Hindi

WTC फाइनल से पहले बायो बबल नियम पर भिड़े बीसीसीआई और आईसीसी


WTC फाइनल से पहले बायो बबल नियम पर भिड़े बीसीसीआई और आईसीसी

नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच आईसीसी की ओर से पहली बार आयोजित कराये जा रहे विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप मैच का फाइनल खेले जाने में बस 2 दिन का ही समय रह गया है लेकिन इस ऐतिहासिक मैच से पहले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल और बीसीसीआई के बीच बड़ा विवाद छिड़ गया है। 18 जून से साउथैम्पटन के मैदान पर खेले जाने वाले इस ऐतिहासिक मैच से पहले दोनों ही टीमों ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही बीसीसीआई ने आईसीसी की ओर से लागू किये गये बायोबबल नियमों को लेकर सवाल उठायें हैं जिसको लेकर यह पूरा विवाद हुआ है।

उल्लेखनीय है कि रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 1-0 से जीत हासिल करने के बाद न्यूजीलैंड की टीम सोमवार को साउथैम्पटन पहुंची और मंगलवार की सुबह उसकी टीम के 6 सदस्यों को नजदीक के गोल्फ कोर्स जाने की अनुमति मिल गई। वहीं पर होटल में रह रही भारतीय टीम को अपने परिवार के साथ एक फ्लोर पर ही रुके रहने की इजाजत मिली हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट, टिम साउथी, बल्लेबाज हेनरी निकोल्स और दो हरफनमौला खिलाड़ी मिशेल सैंटनर एवं डैरिल मिशेल को फिजियो टॉय सिमसेक के साथ गोल्फ कोर्स गये थे। इसको लेकर भारतीय टीम मैनेजमेंट ने आईसीसी से शिकायत बायोबबल नियमों के उल्लंघन की शिकायत की है। भारतीय टीम ने दोनों टीमों के लिये समान नियमों की मांग करते हुए बताया कि यह खिलाड़ी जिस गोल्फ कोर्स में गये थे वह एजिस बाउल एरिया के अंतर्गत नहीं आता है।

भारतीय टीम के एक खिलाड़ी ने कहा,’आईसीसी ने सभी खिलाड़ियों से अपने परिवार सहित होटल में अपने फ्लोर पर ही रहने को लेकर सख्त हिदायत दी हुई है। आईसीसी ने कहा है कि हम तभी बाहर निकलें जब हमें मैदान तक जाना हो, लेकिन सुबह हमें पता चलता है कि न्यूजीलैंड के 6 खिलाड़ी गोल्फ कोर्स में खेलने गये थे।’

गौरतलब है कि आईसीसी ने भी इस पूरे मामले को लेकर अपनी तरफ से जवाब देते हुए कहा कि न्यूजीलैंड की टीम ने कोई भी बायोबबल नियम नहीं तोड़ा है। न्यूजीलैंड की टीम अपना क्वारंटीन पीरियड पूरा कर चुकी है जबकि भारतीय टीम ने अभी ही क्वारंटीन पूरा किया है। ऐसे में वो भी बायो सिक्योर बबल के आस-पास के इलाकों में आजादी से घूम सकते हैं, जिसमें गोल्फ कोर्स जाकर खेलना भी शामिल है। आपको बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद आईसीसी ने कीवी टीम को बायोबबल से बायोबबल में प्रवेश करने की छूट दी है।

Exit mobile version