Site icon Buziness Bytes Hindi

निजीकरण प्रस्ताव के विरोध में बैंक यूनियन्स ने दी हड़ताल की चेतावनी


निजीकरण प्रस्ताव के विरोध में बैंक यूनियन्स ने दी हड़ताल की चेतावनी

नई दिल्ली: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) ने दो सरकारी बैंकों के निजीकरण के प्रस्ताव के खिलाफ अगले महीने 15 और 16 मार्च को हड़ताल की चेतावनी दी है. यूएफबीयू के तहत नौ यूनियन शामिल हैं. वित्त मंत्री ने 1 फरवरी को अगले वित्त वर्ष 2021-22 का बजट पेश किया था. इस बजट में सरकार के विनिवेश कार्यक्रम के तहत दो सरकारी बैंकों (PSBs) को निजी किए जाने की घोषणा की गई थी. केंद्र सरकार इससे पहले ही 2019 में आईडीबीआई में अपनी हिस्सेदारी एलआईसी को बेचकर बैंक को प्राइवेट कर चुकी है. इसके अलावा 14 सरकारी बैंकों का विलय भी कर चुकी है. 15 और 16 मार्च को बैंक हड़ताल होने पर लगातार चार दिन बैंकिंग कामकाज बंद रहेगा क्योंकि 14 मार्च को रविवार है और 13 मार्च को दूसरा शनिवार है.

ऑल इंडिया बैंक एंप्लाईज एसोसिएशन (AIBEA) के जनरल सेक्रेटरी सीएच वेंकटचलम ने कहा कि यूएफबीयू की मंगलवार 9 फरवरी को हुई बैठक में बैंकों के निजीकरण के फैसले का विरोध करने का फैसला किया गया. बैठक में बजट में की गई घोषणाओं पर चर्चा हुई जैसे कि बैड बैंक की स्थापना करना, एलआईसी में विनिवेश, एक जनरल इंश्योरेंस कंपनी का निजीकरण, इंश्योरेंस सेक्टर में एफडीआई की लिमिट की बढ़ाकर 74 फीसदी करना इत्यादि पर चर्चा हुई. बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इन कदमों के विरोध का फैसला किया. एआईबीओसी के जनरल सेक्रेटरी सौम्य दत्ता ने कहा कि 15 और 16 मार्च को हड़ताल का फैसला लिया गया है.

Exit mobile version