कोलकाता: बांग्लादेश की सबसे बड़ी दवा निर्माता कंपनी बेग्जिमको ने भारत में सीरम इंस्टिट्यूट लिमिटेड (SIL) में कोरोना वैक्सीन के विकास के लिए निवेश करने की घोषणा की है. हालांकि यह निवेश कितने का होगा इस बात का खुलासा नहीं किया गया है लेकिन यह SIL द्वारा प्राथमिकता के आधार पर बेग्जिमको फार्मा लिमिटेड (BPL) को वैक्सीन की आपूर्ति की प्रतिबद्धता पर निर्भर करेगा.
बेग्जिमको ने जारी किया बयान
शुक्रवार को बेग्जिमको द्वारा जारी बयान के अनुसार इस डील को कुछ इस तरह से डिजाइन किया गया है ताकि बांग्लादेश भी दुनिया के उन पहले देशों में शामिल रहे जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर सीरम इंस्टिट्यूट से तय मात्रा में वैक्सीन मिलेगी. इस निवेश को वैक्सीन के लिए अग्रिम भुगतान की तरह समझा जाएगा.
सीरम इंडिया- बेग्जिमको के बीच क़रार
बीपीएल के प्रमुख शयान एफ रहमान ने कहा, “हम इस बात की गारंटी देने में सक्षम हैं कि वैक्सीन के वैश्विक स्तर पर पंजीकृत होने के बाद, बांग्लादेश इसका इस्तेमाल करने वाले पहले देशों में से एक होगा और यह न केवल सीरम इंडिया और बेग्जिमको के बीच, बल्कि दोनों देशों के बीच रिश्तों की गहराई का प्रतीक है.”

