भारत सरकार ने बृहस्पतिवार को कलर टीवी के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया। सरकार के इस फैसले को चीन को झटका और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की ओर एक और कदम माना जा रहा है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने एक अधिसूचना में कहा, ‘कलर टीवी की आयात नीति को संशोधित किया गया है। इनकी आयात नीति को मुक्त हटाकर प्रतिबंधित श्रेणी में लाया गया है।’
किसी वस्तु को प्रतिबंधित श्रेणी में रखने का मतलब है कि उस सामान का आयात करने वाले कारोबारी को वाणिज्य मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले डीजीएफटी से आयात लाइसेंस लेना होगा। बता दें कि भारत में कलर टीवी का चीन सबसे बड़ा निर्यातक है। उसके बाद क्रमश: वियतनाम, मलेशिया, हांगकांग, कोरिया, इंडोनेशिया, थाईलैंड और जर्मनी जैसे देशों का स्थान है।

