न्यूयॉर्क। अमेरिका ओपन टेनिस टूर्नामेंट में बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका की जीत का सिलसिला जारी है. क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अजारेंका ने 16वीं सीड एलिसे मटरेंस को सीधे सेटों में हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. सेमीफाइनल में अजारेंका का सामना सेरेना विलियम्स से होगा.
07 साल बाद अंतिम-4 में अजारेंका
साल 2013 के बाद यह पहला मौका है जब अजारेंका किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची हैं. अजारेंका ने यह मुकाबला 1 घंटे 13 मिनट में अपने नाम किया. क्वार्टर फाइनल मैच में उन्होंने मरटेंस को आसानी से मात देते हुए 6-1, 6-0 से मुकाबला जीता.

सेरेना ने पिरोंकोवा को हराया
वहीं, सेरेना ने अपने एक अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बुल्गारिया की स्वेटाना पिरोंकोवा को 4-6, 6-3, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. अजारेंका और सेरेना 2012 और 2013 के अमेरिका ओपन के फाइनल में एक दूसरे के खिलाफ मुकाबले में उतर चुकी हैं. दोनों बार खेले गए फाइनल में सेरेना ने अजारेंका को हराकर लगातार दूसरा अमेरिका ओपन का खिताब जीता था. महिला वर्ग के अन्य सेमीफाइनल में जापान की नाओमी ओसाका का सामना 28वीं सीड जेनिफर ब्रैडी से होगा.


