Site icon Buziness Bytes Hindi

पीएम मोदी के भाषणों में औरंगजेब की इंट्री

pm modi

मुस्लिम लीग, PFI, पाकिस्तान, मुसलमान और मंगलसूत्र के बाद लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में प्रधानमंत्री के भाषणों में आज मुग़ल शासक औरंगज़ेब की इंट्री हुई है. कर्णाटक में एक चुनावी सभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को औरंगजेब के अत्याचार याद नहीं आते, जिसने सैकड़ों मंदिर तोड़े. प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आपकी संपत्ति को अपने पसंदीदा वोट बैंक में बांटने की बात करती है. प्रधानमंत्री ने सवाल किया कि क्या अपनी मेहनत की कमाई आप लोग किसी को दे देना चाहेंगे? क्या कांग्रेस पार्टी को आप लोग अपना मंगलसूत्र हड़पने देंगे? प्रधानमंत्री ने कहा कि क्या किसी पंजे को आपकी संपत्ति लूटने का अधिकार हो? प्रधानमंत्री इससे पहले कह चुके हैं कि आपकी संपत्ति छीनकर कांग्रेस पार्टी मुसलमानों में बाँट देगी, हालाँकि चुनाव आयोग का नोटिस मिलने के बाद आज उन्होंने मुसलमानों की जगह कांग्रेस का पसंदीदा वोट का नाम लिया।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि देश का विकास देखकर कांग्रेस पार्टी को पीड़ा होती है, उसे देशहित की उपलब्धियां अच्छी नहीं लगती हैं. पीएम मोदी ने कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि राजा-महाराजा ने लोगों से जमीनें छीनी हैं, ऐसा कहकर कांग्रेस के शहजादे ने छत्रपति शिवाजी और कित्तूर रानी चेन्नम्मा को अपमानित किया है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे का बयान ध्रुवीकरण और तुष्टिकरण की राजनीति है. कांग्रेस सरकार तुष्टिकरण को प्राथमिकता देती है, उन्हें केवल अपने वोट बैंक की चिंता है. जब बेंगलुरु के एक कैफे में बम विस्फोट हुआ तो कांग्रेस ने कहा कि ये विस्फोट नहीं सिलेंडर फटा है, प्रधानमंत्री ने कहा सिलेंडर नहीं आपका दिमाग़ फटा है, कांग्रेस पार्टी को औरंगजेब के अत्याचार याद नहीं आते जो उसने हिन्दू समाज पर किये।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक्सरे की बात कहती है, इस एक्सरे का मतलब वो आपके धन संपत्ति की जांच करेगी, पता करेगी कि आपके पास कितना पैसा है, कितने घर हैं और कितने गहने हैं. इसका मतलब वो आपसे ये सब छीनकर घुसपैठियों में बाँटना चाहती है.

Exit mobile version