मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के स्थगित चुनाव संपन्न होने से पूर्व नियम विरूद्ध की जा रही बैठक
फ्रेंड्स ऑफ मेरठ कॉलेज ने जताई आपत्ति, सीसीएसयू वीसी ने नीतिगत निर्णय लेने पर लगा दी रोक
मेरठ। मेरठ कॉलेज कार्यकारणी समिति की 28 जून को होने वाली बैठक को लेकर सवाल खड़े हो गये हैं। इस बैठक को लेकर फ्रेंड्स ऑफ मेरठ कॉलेज ने आपत्ति जताते हुए वाइस चांसलर, सीसीएस यूनिवर्सिटी को शिकायती पत्र सौंपा था। कुलपति चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से अध्यक्ष/कार्यवाहक सचिव, मेरठ कॉलिजीएट एसोसिएशन को पत्र लिखकर उक्त बैठक में कोई नीतिगत निर्णय लेने पर रोक लगाते हुए स्थगित चुनाव शीघ्र कराने का आदेश जारी किया है। वहीं फ्रेंड्स ऑफ मेरठ कॉलेज का कहना है कि डा.रामकुमार गुप्ता पैनल के अधिकांश प्रत्याशी चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं है और हार का खतरा उनके सामने मंडरा रहा है। इसलिये वह नियमों के विरूद्ध जाकर स्थगित हुए चुनाव की प्रक्रिया को फिर से शुरू करने का प्रयास कर रहे हैं।
मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति चुनाव के लिये विगत 18 अप्रैल को मतदान किया जाना था। मगर कोरोना संक्रमण के कारण लगाये गये लॉकडाउन के चलते चुनाव स्थगित करने का निर्णय लिया गया। चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद खुद को अवैतनिक मंत्री बताते हुए डा.रामकुमार गुप्ता ने 28 जून को शाम 4 बजे मेरठ कॉलेज कार्यकारणी समिति की सभा बुलाई है। इस बैठक के एजेंडे में मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के चुनाव कार्यक्रम जारी करने पर विचार एवं निर्णय लेने की बात भी लिखी गयी है।
इस प्रस्तावित बैठक को लेकर फ्रेंड्स ऑफ मेरठ कॉलेज ने वाइस चांसलर, सीसीएस यूनिवर्सिटी को पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी। फ्रेंड्स ऑफ मेरठ कॉलेज की ओर से कहा गया है कि मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति चुनाव के लिये सभी प्रक्रियाएं पूर्ण हो चुकी थीं और मतदान और मतगणना ही शेष रह गयी थी। चुनाव संपन्न कराने के लिये रिर्टनिंग ऑफिसर भी नियुक्त किये जा चुके थे। कहा गया कि 18 अप्रैल को होने वाले चुनाव स्थगित किये जाने के बाद एक मनोनीत उम्मीदवार की मृत्यु हो जाने के कारण नियमानुसार चुनाव प्रक्रिया को फिर से शुरू नहीं किया जा सकता। उन्होंने 28 जून को होने वाली बैठक को अवैध बताते हुए स्थगित किये गये चुनाव के संपन्न न होने तक किसी भी प्रकार की बैठक पर रोक लगाने की मांग की थी।
इस पत्र का संज्ञान लेते हुए कुलपति, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से अध्यक्ष/कार्यवाहक सचिव, मेरठ कॉलिजीएट एसोसिएशन को पत्र लिखकर कहा गया है कि विश्वविद्यालय की ओर से पूर्व में जारी आदेश में आपको कार्यवाहक सचिव नियुक्त करते हुए शीघ्रातिशीघ्र मेरठ कॉलिजीएट एसोसिएशन के चुनाव संपन्न कराने को कहा गया था। 18 अप्रैल को प्रस्तावित चुनाव हेतु पर्यावेक्षक की नियुक्ति कर दी गयी थी मगर अपरिहार्य कारणों से उक्त दिनांक को चुनाव संपन्न नहीं हुआ था। आपको आदेशित किया जाता है कि आप मेरठ कॉलिजीएट एसोसिएशन के स्थगित चुनाव शीघ्र संपन्न करायें। सीसीएसयू कुलपति ने 28 जून की प्रस्तावित बैठक किसी भी प्रकार का नीतिगत निर्णय लेने पर रोक लगा दी है।
फ्रेंड्स ऑफ मेरठ कॉलेज के विवेक गर्ग पैनल से अध्यक्ष पद प्रत्याशी अनिल कुमार गुप्ता ने कहा, डा. रामकुमार गुप्ता अवैध रूप से अवैतनिक मंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। पिछले दो साल से प्रबंध समिति की ओर से न तो कोई वार्षिक आम सभा बुलाई गयी और न ही किसी प्रकार से लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। वह स्थगित हुए चुनाव की प्रक्रिया फिर से शुरू करा कर हार को कुछ समय तक टालने का प्रयास कर रहे हैं।
फ्रेंड्स ऑफ मेरठ कॉलेज के विवेक गर्ग पैनल से सचिव पद प्रत्याशी विवेक गर्ग ने मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के स्थगित हुए चुनाव को पवित्रता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने की अपील की। विवेक गर्ग ने कहा की स्थेगित हुए चुनाव संपन्नन न होने के कारण मेरठ कॉलेज में विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। वहीं नीतिगत निर्णय न लिये जाने के कारण शिक्षक और छात्र हित भी प्रभावित हो रहे हैं। शीघ्र और निष्पक्ष चुनाव होना मेरठ कॉलेज के हित में है और सभी को व्यक्तिगत लाभ-हानि की चिंता छोड़कर मेरठ कॉलेज के हितों का ध्यान रखना चाहिये।
एडिशनल सेक्रेटरी के पद के प्रत्याशी केशव बंधु ने कुलपति, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि माननीय कुलपति जी के निर्देशन में मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के स्थगित चुनाव शीघ्र और निष्पक्षता और पारदर्शिता से संपन्न होंगे।

