नई दिल्ली। उमेश पाल हत्याकांड में नामजद माफिया अतीक अहमद को साबरमती जेल से लेकर प्रयागराज के लिए एसटीएफ और यूपी पुलिस रवाना हो गई है। अतीक को सड़क मार्ग से प्रयागराज लाया जा रहा है। यूपी पुलिस ने रास्ते में पड़ने वाले सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट कर दिया है।
अतीक के काफिले का पहला ब्रेक
अतीक के काफिले ने पहला ब्रेक लिया है। साबरमती से सफर शुरू होने के बाद उदयपुर के ऋषभदेव में काफिले को रोका है। वॉशरूम के लिए अतीक को गाड़ी से उतारा गया। इसके बाद फिर काफिला आगे की ओर बढ़ गया।
उदयपुर पहुंचेगा अतीक का काफिला
अतीक का काफिला उदयपुर के रास्ते प्रयागराज पहुंचेगा। अब से करीब 45 मिनट के बाद अतीक का काफिला उदयपुर में दाखिल होगा। इसके बाद कोटा पहुंचेगा। शाम 5.40 बजे साबरमती जेल से अतीक को लेकर काफिला रवाना हुआ था। जो अब रतनपुर बॉर्डर से राजस्थान में दाखिल हो गया है। करीब सवा आठ बजे काफिला राजस्थान के डूंगरपुर पहुंच गया है।
माफिया को गाड़ी पलटने की आशंका
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्री को पहले बता दिया होगा कि माफिया अतीक अहमद की गाड़ी कहां पलटेगी। उन्होंने कहा कि अगर आप गूगल और अमेरिका की मदद लीजिए तो आपको पता चल जाएगा कि कार कहां पलटी थी।
अतीक बोला, कोर्ट के कंधे पर रखकर मारना चाह रहे हैं
साबरमती जेल से अतीक अहमद को जब निकाला गया तो पुलिस वैन में बैठने से पहले बोला कि कोर्ट के कंधे पर रखकर मारना चाह रहे हैं। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने उसे गाड़ी में बैठा दिया। काफिले में शामिल 40 पुलिस कर्मियों के मोबाइल फोन बंद रहेंगे। अब अतीक का काफिला रास्ते में कही नहीं रुकेगा। काफिले की गाड़ियों में ही खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। अतीक गाड़ी में कोई चीज भी नहीं खा पी रहा है।
