महोबा: भाजपा की चुनावी रणनीति – चुनाव प्रचार में जुटे सभी नेता अपनी पार्टी के प्रत्याशी को जीत दिलाकर प्रदेश में सरकार बनाना चाहते है। इसी के तहत महोबा शहर के मोहल्ला काजीपुरा के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दकी ने भाजपा पर करारा हमला किया है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिलाने में किसी भी भाजपाई ने हिस्सा नहीं लिया और बड़ी बड़ी बातें करते हैं। केवल हिंदू, मुस्लिम, तीन तलाक और लव जेहाद चल रहा है, जबकि इन्हीं लोगाें ने नमस्ते ट्रंप करके कोरोना को हिंदुस्तान बुला लिया। 1989 तक भाजपा के पास दो सीटें लोकसभा की थीं। इस सरकार ने लोगों को विकास के सब्जबाग दिखा कर मंदिर-मस्जिद में उलझाकर ठग लिया। कांग्रेस ही एक मात्र ऐसी पार्टी है जो भाजपा और सपा की सरकार आने से रोक सकती है।
Read Also : न दंगे का जिक्र न सांप्रदायिकता की बातें,पहले चरण का हश्र देख भाजपा ने बदली चुनावी रणनीति
बीजेपी ने हिन्दू-मुस्लिम की राजनीति कर वोट बटोरे
कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी सागर सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि बीजेपी ने केवल आम जनमानस में हिन्दू-मुस्लिम के बीच खाई बनाने का काम किया। हिन्दू-मुस्लिम की राजनीति कर वोट बटोरे। नफरत की राजनीति कर लोगों को ठग लिया, अब ऐसा नहीं होगा। देश के विकास में कांग्रेस का कोई मुकाबला नहीं कर सकता जो भाजपा डिजिटल इंडिया, कम्प्यूटर तकनीक का ढिंढोरा पीट रही है। वो भी पीएम राजीव गांधी की ही देन हैं। विश्व की एक मात्र कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जिसने एक ही परिवार से तीन तीन पीएम दिए हैं।
Read Also : बुलंदशहर: मतदान के मतगणना की तैयारियां भी पूरी, रहेगी ये चाक चौबंद व्यवस्था
युवाओं को नहीं मिल पा रही नौकरी
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में युवाओं को नौकरी नहीं मिल पा रही है। कांग्रेस की सरकार आने पर युवाओं को नौकरी दी जाएगी। कहा कि हिंदुस्तान में झूठों का कंप्टीशन हो जाए तो पहला नंबर मोदी और दूसरा योगी को मिलेगा। हाथरस में दलित बेटी की इज्जत लूटी जाती है और फिर उसको मार दिया जाता है। दो बजे रात उसकी लाश को आग लगा दी जाती है। एक साल तक किसान दिल्ली बार्डर पर बैठे रहे और कई किसानों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में हर वर्ग के लोग परेशान हैं। जीएसटी को लगाया गया, कोरानाकाल में नदियों में शव तैरते रहे और उनका दाह संस्कार नहीं किया गया। मरीजों को आक्सीजन नहीं मिली। कई मरीजों ने दम तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने पनवाड़ी में चरखारी विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी निर्दोष दीक्षित को जिताने के लिए बैठक की।

