नई दिल्ली: असम के तिनसुकिया जिले में स्थित बागजान गैस कुएं में लगी आग अब आसपास के गावों में भी फैल रही है। इस घटना में आग बुझाने वाले दो लोगों की जलकर मौत हो गई है।राज्य के पर्यावरण और वन मंत्री परीमल शुक्लावैद्य ने बताया है कि आग पर काबू पाने की कोशिश अभी भी जारी है। पर्यावरण और वन मंत्री ने कहा, असम सरकार आग पर काबू पाने की भरपूर कोशिश कर रही है। करीब 6 लोग घायल हुए हैं और आग असपास के गांव तक पहुंच गई है।
30 किलोमीटर दूर से देसखि जा सकती हैं लपटें
ऑयल इंडिया लिमिटेड के तेल कुएं में लगी आग इतनी भीषण है कि उसकी लपटें 30 किलोमीटर से भी ज्यादा दूर से देखी जा सकती हैं, कई मीटर की ऊंचाई तक धुएं का गुब्बार उठ रहा है। यह आग तिनसुकिया ऑयल इंडिया लिमिटेड के कुएं में लगी है। कुएं से पिछले 14 दिन से अनियंत्रित तरीके से गैस का रिसाव हो रहा था।
जैव विविधता को नुक्सान
27 मई को हुए भीषण विस्फोट के बाद मंगलवार की घटना से आसपास की जैव विविधता को अच्छा-खासा नुकसान हुआ है। वहीं, ऑयल इंडिया का कहना है कि इस आग पर काबू पाने में चार सप्ताह तक का वक्त लग सकता है। इस बीच असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामलो के लेकर बात की है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र से मांगी मदद
मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने घटना के संबंध में अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से फोन पर बात कर आग को बुझाने में तत्काल मदद मांगी है। दरअसल, कुएं में आग उस समय लगी जब वहां सफाई अभियान चल रहा था। सोनोवाल को केंद्र की ओर से कहा गया है कि जरुरत पड़ने पर वायुसेना भी मदद के लिए तैयार है।

