नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन एहसान मनी ने रविवार को चौंका देने वाला दावा करते हुए कहा है कि अगर भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंच जाती है तो एक बार फिर से एशिया कप 2021 का आयोजन नहीं हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच को पहले 8-10 जून के बीच आयोजित किया जाना था, हालांकि आईपीएल के साथ तारीखों के टकराव को देखते हुए इसे रिशेड्यूल कर दिया गया और अब यह फाइनल मैच 22 से 23 जून को खेला जाना है।
गौरतलब है कि एशिया कप 2021 के आयोजन की तारीख भी 18-30 जून के बीच प्रस्तावित थी, ऐसे में अगर विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में भारत क्वालिफाई कर लेगा तो वह एशिया कप में भाग नहीं ले सकेगा।
पत्रकारों के साथ बात करते हुए पीसीबी चीफ एहसान मनी ने कहा,’हमने एशिया कप 2020 को कोरोना वायरस के चलते जून 2021 तक के लिये स्थगित किया और मेजबानी में भी बदलाव किया जिसका आयोजन श्रीलंका में किया जाना था। हालांकि अब ऐसा लग रहा है कि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में भारत के क्वालिफाई करने से इसे 2023 तक टालना पड़ सकता है।’

