Site icon Buziness Bytes Hindi

Arshdeep Singh Ind vs SA: अर्शदीप की नागिन गेंदबाज़ी, चकरा गए दक्षिण अफ़्रीकी

थिरुवनंतपुरम के मैदान पर क्या गेंद लहराई है. सिर्फ ढाई ओवरों में दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज़ इससे पहले कुछ समझ पाते आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी. और यह कमाल टीम के सबसे युवा और नए गेंदबाज़ अर्शदीप की तरफ से किया गया. अर्शदीप ने अपने पहले दो ओवरों में जो गेंदबाज़ी की उसके आगे दुनिया का बड़े से बड़ा बल्लेबाज़ भी पानी मांगता नज़र आता. पावर प्ले के पहले चार ओवर और बाद के 16 ओवर ऐसा लग रहा था जैसे दो अलग पिचों, अलग मैदान, अलग कंडीशन में फेंके गए हों. लेकिन जब तक हालात थोड़े नार्मल होते मेहमान टीम का बाजा बज चूका था, पिच बेशक मुश्किल थी तभी भारतीय बल्लेबाज़ों को भी 107 रनों का लक्ष्य पाने के लिए 17 वे ओवर तक जाना पड़ा. भारत ने तीन मैचों की श्रंखला का पहला मैच 8 विकेट से जीतकर 1-0 की बढ़त बना ली है. 

पिछले कई सालों में भारतीय गेंदबाज़ों के प्रदर्शन को अगर देखें तो उनके द्वारा पावर प्ले में इतनी शानदार गेंदबाज़ी देखने को नहीं मिली। गेंद स्विंग नहीं कर रही थी बल्कि नागिन की तरह लहरा रही थी. अर्शदीप और चाहर के आगे दक्षिण अफ़्रीकी टॉप और मिडिल आर्डर एकदम बेबस नज़र आ रहा था, एक जा रहा था दूसरा आ रहा था, यकीन मानिये डग आउट में बैठे बल्लेबाज़ों को पैड अप करने में बड़ी जल्दी करनी पड़ी होगी। आप खुद ही सोचिये कि सिर्फ ढाई ओवरों में क्विंटन डिकॉक, कप्तान बवूमा, राइली रुसो, डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स पवेलियन लौट चुके थे, इनमें से चार ने तो खाता भी खोला। इन पांच विकटों में से तीन अर्शदीप और दो विकेट चाहर ने लिए. टी-20 इतिहास का यकीनन यह एक स्वर्णिम स्पेल कहा जायेगा. 

बहरहाल इसके बाद दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाज़ों को थोड़ा सांस लेने की मोहलत मिली। एडम मारक्रम के 25, वेन पर्नेल के 24 और सबसे शानदार केशव महाराज के 41 रनों की बदौलत दक्षिण अफ़्रीकी टीम किसी तरह 106 रनों तक पहुँचने में कामयाब हो पायी। रवि अश्विन  ने सबसे किफायती गेंदबाज़ी की, अपने चार ओवरों में सिर्फ 8 रन दिए हालाँकि उन्हें विकेट कोई नहीं मिला। हर्षल पटेल को दो और अक्षर के एक विकेट हासिल हुआ.

107 के छोटे टोटल का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरूआत  भी काफी खराब हुई. पावर प्ले में उसके सिर्फ 17 रन बने और रोहित  शर्मा व विराट कोहली आउट हो चुके थे लेकिन इसके बाद उपकप्तान के एल राहुल और इन दिनों सुपर फॉर्म में चल रहे सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाल लिया और बिना किसी अतिरिक्त नुक्सान के 16.4 ओवरों में 110 रन बनाकर मैच को आसानी से जीत लिया। सूर्यकुमार ने 33 गेंदों 50 रनों की नाबाद पारी खेली जिसमें तीन छक्के और पांच चौके शामिल थे वहीँ के एल राहुल ने 56 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाये। सीरीज़ का दूसरा मैच अब 2 अक्टूबर को गुवाहाटी में खेला जायेगा।

Exit mobile version