Site icon Buziness Bytes Hindi

आईपीएल आक्शन से पहले अर्जुन तेंदुलकर मुंबई टीम से बाहर


आईपीएल आक्शन से पहले अर्जुन तेंदुलकर मुंबई टीम से बाहर

आईपीएल आक्शन के लिए सभी टीमों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इस ऑक्शन के दौरान पंजाब और आरसीबी के पास सबसे अधिक पैसे बचे हुए है। लिहाजा इन दोनों ही के पास सबसे महंगे खिलाड़ियों को खरीदने का मौका होगा। पहली बार नीलामी में हिस्सा ले रहे अर्जुन तेंदुलकर पर भी कई फ्रेंचाइजियों की निगाहें होंगी। लेकिन आईपीएल नीलामी से पहले ही अर्जुन को बड़ा झटका लगा है।

भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को बुधवार को 20 फरवरी से शुरू हो रही विजय हजारे ट्राफी में मुंबई टीम का कप्तान बनाया गया है। अय्यर कंधे की चोट के कारण सैयद मुश्ताक अली ट्राफी में नहीं खेल पाये थे। मुंबई क्रिकेट संघ ने घरेलू 50 ओवर की चैम्पियनशिप के लिये 22 सदस्यीय टीम की घोषणा की। भारतीय सलामी बल्लेबाज पृथ्वी साव को मुंबई टीम का उप कप्तान बनाया गया।

मुंबई की टीम में अर्जुन तेंदुलकर का नाम नहीं है। वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेले थे। लेकिन कुछ खास नहीं कर पाए थे। विजय हजारे ट्रॉफी के लिए टीम के चयन से पहले संभावितों के प्रैक्टिस मैचों में भी अर्जुन प्रभावित नहीं कर सके थे। बल्लेबाजी विभाग में टीम में भारतीय हरफनमौला शिवम दुबे, सीमित ओवर के विशेषज्ञ सूर्यकुमार यादव, युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी, सरफराज खान और अखिल हरवादकर के साथ अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज आदित्य तारे भी शामिल हैं।

गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई अनुभवी तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी करेंगे जिसमें तुषार देशपांडे और आकाश पारकर तथा स्पिनर शम्स मुलानी और अर्थव अंकोलेकर मौजूद हैं। मुंबई ने भारतीय ऑफ स्पिनर रमेश पोवार को टूर्नामेंट के लिये अपना मुख्य कोच नियुक्त किया। मुंबई को एलीट ग्रुप डी में दिल्ली, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पुडुचेरी के साथ रखा गया है। मुंबई की टीम जयपुर में अपने सभी मैच खेलेगी।

Exit mobile version