‘मुल्क’, ‘थप्पड़’ जैसी फिल्मों के डायरेक्टर अनुभव सिन्हा ने अपने अगले प्रोजेक्ट की घोषणा कर दी है। वह कोरोना वायरस कोविड-19 की कहानियों और अनुभवों पर आधारित एक फिल्म बनाएंगे। यह एंथोलॉजी फिल्म होगी, जिसका निर्माण बनारस मीडियावर्क्स के तहत किया जाएगा। इस फिल्म के लिए अनुभव ने हंसल मेहता, सुधीर मिश्रा, केतन मेहता और सुभाष कपूर जैसे फिल्मकारों के साथ हाथ मिलाया है।
सिन्हा ने कहा, ”यह बड़ा ही दिलचस्प समय है। हालांकि मुझे इस बात का एहास है कि इसके लिए दिलचस्प शब्द अच्छा नहीं है। सुधीर भाई के ड्राइवर कोविड की चपेट में आ गए थे और उन्हें बिस्तर नहीं मिल रहा था। हम उन्हें अस्पताल में बिस्तर दिलाने के लिए सभी को फोन कर रहे थे। उस रात मेरे दिमाग में आया कि हमें इसे डॉक्यूमेंट करना चाहिए और अलग-अलग चीजों को देखने वाले विभिन्न फिल्म निर्माताओं के साथ इसे करना चाहिए।
सुधीर भाई के पिताजी की मौत कोविड के समय में हुई थी। हमने इरफान को भी खो दिया। और हम इरफान के जनाजे पर भी नहीं जा पाए। निकलूं कि नहीं निकलूं, सोचते रहे। तिग्मांशु (धूलिया) को पुलिस से झगड़ा करना पड़ा। उन्होंने कहा कि मैं तो जाऊंगा, भाई है मेरा। ये सारी चीजें परेशान करने वाली थी। मुझे लगा, इनको रिकॉर्ड करना चाहिए।

