Site icon Buziness Bytes Hindi

पूंजीपतियों को लाभ पंहुचाने के लिए लाया गया किसान विरोधी बिल


पूंजीपतियों को लाभ पंहुचाने के लिए लाया गया किसान विरोधी बिल

मेरठ पहुंचे शिवपाल सिंह यादव बोले, मंडियों को खत्म कर देगा नया कृषि कानून

मेरठ। जो सर्द मौसम में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे किसानों पर ठंडे पानी की बौछारें करा सकते हैं उन्हें सरकार में रहने का कोई अधिकार नहीं है। यह कहना है प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव का जो मेरठ के सिवालखास में किसान नौजवान सम्मेलन को संबोधित करने आये थे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने केंद्र सरकार को किसान विरोधी बताते हुए जमकर निशाना साधा।

आज सिवालखास के सिवाल हाईस्कूल के मैदान पर कृषि कानूनों के विरोध और किसानों के समर्थन में आयोजित प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के किसान नौजवान सम्मेलन को संबोधित करने प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव मेरठ पहुंचे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर आरोपों की बौछार करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा, केंद्र सरकार द्वारा लाये गये कृषि कानून देश से मंडियों का अस्तित्व खत्म कर देंगे। उन्होंने कहा कि सर्द मौसम में किसानों पर वाटर कैनन से पानी की बौछार करवाने वाली सरकार किसान हितैषी कैसे हो सकती है। ऐसा करने वालों को सरकार में रहने का अधिकार नहीं है।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा, भाजपा किसान विरोधी पार्टी है। इस पार्टी ने गन्ने का रेट तो बढ़ाया नहीं लेकिन कृषि कानून ले आए। इस कानून के आने से मंडियां समाप्त हो जायेंगी और किसान संकट में आ जायेगा। उन्होंने कहा कि यह किसान विरोधी बिल केवल पूंजीपतियों को लाभ पंहुचाने के लिए लाया गया है। इस से किसानों की खेती पूंजीपतियों के पास चली जाएगी और किसान सिर्फ मजदूर बनकर रह जाएगा। सम्मेलन के दौरान उन्होंने अमित जानी को सिवालखास से प्रसपा प्रत्याशी घोषित किया। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में प्रसपा काफी संख्या में सीटें जीतकर सरकार में शामिल होगी।

Exit mobile version