क्रशर कारोबारी ने जान का खतरा बताकर वीडियो किया था वायरल
एसपी मणिलाल द्वारा छह लाख रुपये मांगे जाने का आरोप लगाया था
महोबा के पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार भी भ्रष्टाचार के आरोपों में निलंबित कर दिए गए थे
महोबा का एक मामला पिछले सप्ताह से चर्चा में है. दरअसल, कानून व्यवस्था संभालने में लापरवाही और भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिस के बड़े अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निशाने पर आ गए थे. बीते मंगलवार को गंभीर आरोपों में प्रयागराज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीक्षित को निलंबित करने के बाद अगले ही दिन बुधवार को महोबा के पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार भी भ्रष्टाचार के आरोपों में निलंबित कर दिए गए थे. उनके स्थान पर लखनऊ कमिश्नरेट के पुलिस उपायुक्त अरुण कुमार श्रीवास्तव को एसपी महोबा बनाया गया है. दरअसल, सोमवार को एक क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी ने वीडियो जारी कर एसपी मणिलाल द्वारा छह लाख रुपये मांगे जाने का आरोप लगाया था.उसने अपनी जान को भी खतरा बताया था. मंगलवार को कस्बे से चार किमी दूर बांदा रोड पर वह अपनी कार में घायल अवस्था में पड़े मिले. उनके गले में गोली लगी थी. अब इस मामले में एक और आडियो वायरल हो रहा है. पहले जानते है कि क्रशन कारोबारी ने क्या आरोप लगाया था.
यह लगे थे आरोप
क्रशर कारोबारी ने आरोप लगाया था कि उनसे छह लाख रुपये की मांग की जा रही.उन्होंने एसपी पर अवैध तरीके से गिट्टी व मौरंग के वाहन निकलवाने का भी आरोप लगाया.वीडियो में वह हताश नजर आ रहे थे.यह भी कहा, यदि उनकी हत्या होती है तो जिम्मेदार एसपी और कबरई निवासी एक अन्य विस्फोटक कारोबारी होंगे. वीडियो जारी करने के साथ ही एसपी के खिलाफ शिकायती पत्र प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, गृह सचिव सहित बड़े उच्च अधिकारियों को भेजा था.
नए वायरल ऑडियो में क्या?
हैलो, मैं आशू बोल रहा हूं, राजा साहब नाराज हो गए हैं….शुक्रवार को वायरल हुए ऑडियो से कबरई प्रकरण में नया मोड़ आया है.आखिर राजा साहब कौन हैं, जिनके नाम पर व्यापारी के साले को घटना से पहले धमकी मिली थी. ऑडियो की वास्तविकता की पुष्टि नहीं हुई है, पुलिस ने जांच की बात कही है.
आठ सितंबर को दोपहर 12 बजकर 44 मिनट पर व्यापारी इंद्रकांत के साले बृजेश शुक्ला के मोबाइल फोन पर कॉल करने वाले शख्स ने खुद का नाम आशू बताते हुए उन्हें धमकी दी थी. इसके कुछ समय बाद ही अपराह्न करीब दो बजे व्यापारी इंद्रकांत को गले में संदिग्ध हालात में गोली लगी थी. वह अब भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं.ऑडियो आने के बाद अब मामला और पेचीदा हो गया है कि आखिर वह राजा साहब कौन हैं, जिनके दम पर आशू नाम के शख्स ने धमकी दी. एएसपी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में जांच हो रही है. पुलिस हर पहलू पर पड़ताल कर रही है.उधर, उन्हेंं वेंटिलेटर पर ही रखा गया है। डॉक्टरों ने बताया है कि सात दिन से पहले कुछ भी कहा नहीं जा सकता.
ये हैं ऑडियो के प्रमुख अंश
आशू : हेलो मैं आशू बोल रहा हूं महोबा से. तुम्हारे जीजा कहां हैं, पता करके बताओ.राजा साहब नाराज हो गए हैं. जीजा से कहो कि तुरंत बात करें. वह कितना बड़ा अरबपति हो गया है.
बृजेश : उनके दोनों मोबाइल स्विच आफ हैं.
आशू : (धमकी भरे लहजे में) राजा साहब नाराज हो गए हैं, यदि अपने जीजा से बात नहीं कराई तो तुम समझ ही रहे हो न…. मुझे आशू कहते हैं पता कर लेना.

