Ankita Murder Case update: अंकिता मर्डर केस मामले में नया मोड आ गया है। अंकिता के माता पिता ने सरकारी वकील पर ठीक तरह से सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। अंकिता के माता पिता ने सरकार वकील को इस केस से हटाने की मांग की है। सरकारी वकील पर लगे आरोपों के बाद अंकिता भंडारी हत्याकांड केस से सरकारी वकील (विशेष लोक अभियोजक) जितेंद्र रावत को हटा दिया गया है। सरकारी वकील जितेंद्र रावत ने अपना इस्तीफा दे दिया है।
उत्तराखंड की राजनीति में भूचाल लाने वाला बहुचर्चित अंकिता हत्याकांड की सुनवाई एडीजे कोर्ट ने आज सोमवार को टाल दी। अंकिता हत्याकांड मामले की गवाही अब कोर्ट में 27 जुलाई को होगी। अंकिता हत्याकांड मामले से जुड़े सरकारी वकील (विशेष लोक अभियोजक) जितेंद्र रावत ने त्यागपत्र दे दिया है। जिसके चलते अभी नए वकील की तैनाती नहीं हो सकी है। इसलिए कोर्ट ने मामले की सुनवाई को 27 जुलाई तक टाल दिया है।
पुष्पदीप अदालत में हाजिर
कोर्ट में गवाही के लिए आज अंकिता के दोस्त पुष्पदीप को बुलाया था। पुष्पदीप अदालत में हाजिर हुआ। लेकिन सुनवाई टलने की वजह से पुष्पदीप की गवाही नहीं हो सकी। अब वह फिर से कोर्ट में पेश होगा। बता दें कि अंकिता हत्याकांड को 10 माह से अधिक समय हो चुका है। सुनवाई एडीजे कोर्ट में चल रही है। एक जून 2023 को अंकिता के माता-पिता ने मामले की सुनवाई ठीक से नहीं करने का आरोप लगाते हुए सरकारी वकील (विशेष लोक अभियोजक) जितेंद्र रावत को हटाने की मांग की थी। जिसको अदालत ने गंभीरता से लिया और सरकारी वकील को इस मामले में खुद ही इस्तीफा देना पड़ा।
18 सितंबर को वनंत्रा रिजार्ट में हुई थी अंकिता की हत्या
बता दें कि 18 सितंबर 2022 की रात को वनंत्रा रिजॉर्ट के मालिक भाजपा नेता पुलकित आर्य ने राजस्व पुलिस चौकी में कर्मचारी अंकिता भंडारी के गुमशुदा होने की शिकायत की थी। मामले में ढिलाई से जांच की गई थी। इसके बाद शासन की सख्ती पर अंकिता को तलाशने का काम स्थानीय पुलिस के हवाले किया गया था।
पुलिस ने मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर सौरभ भास्कर और अंकित से पूछताछ की तो उन्होंने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पता चला कि पुलकित और अंकिता के बीच झगड़ा हुआ था। ऋषिकेश से लौटते समय अंकिता और पुलकित के बीच नहर किनारे विवाद हुआ और इस बीच पुलकित ने अंकिता को नहर में धक्का दे दिया। पुलिस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में आरोपियों पुलकित, अंकित और सौरभ को 22 सितंबर को गिरफ्तार किया था।
