ऋषिकेश। अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच कर रही एसआईटी ने अंकिता के दोस्त पुष्पदीप के बयान दर्ज किए। पुष्प वह युवक है, जिससे अंकिता की लगातार बात हो रही थी। इसके साथ एसआईटी को अंकिता के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मिल गई है। इसमें मृत्यु का कारण डूबना आया है। इसके अलावा मृत्यु से पहले चोट सिर में पाई गई है। पुलिस ने रिजॉर्ट कर्मचारियों के बयान लिए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल, एसआईटी को लक्ष्मण झूला थाने में कैंप करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि पुष्पदीप की गवाही बहुत अहम मानी जा रही है। पुष्प से अंकिता हर बात और घटना को शेयर करती थी। घटना के दिन उसकी व्हाट्सएप के माध्यम से बात हुई थी। इसके कुछ अंश वायरल हुए थे।
डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि पुष्पदीप ने अपने स्तर से इस मामले में बहुत पड़ताल की। उसकी इस पड़ताल की पुलिस को मदद मिली है। पुष्प ने तहकीकात के बारे में एसआईटी को बताया है। इसके अलावा एसआईटी ने घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। डीजीपी ने बताया कि चीला पावर हाउस के आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज प्राप्त की हैं। इसी के साथ आरोपियों की कॉल डिटेल निकलवाई है। मुख्य गवाहों के बयान दर्ज किए हैं। इनमें रिजॉर्ट के कर्मचारियों से पूछताछ की गई है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी की फुटेज, सीडीआर, गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद आरोपियों की पुलिस कस्टडी रिमांड लेने के लिए कोर्ट में आवेदन किया जाएगा। एसआईटी ने रिजॉर्ट में घटना के दिन ठहरे मेहमानों की सूची बनाई है। इन सबसे एसआईटी अलग से पूछताछ करेगी। बताया जा रहा है कि जिस ग्राहक ने अंकिता को गले लगाया उससे पूछताछ की जाएगी। इस बात का जिक्र अंकिता ने पुष्प के साथ बातचीत में किया था। अंकिता गुस्से में पुष्प को यह सारी बातें बता रही थी।

