कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए 17 अक्टूबर को हुए मतदान के बाद आज वोटों की गिनती का काम जारी है लेकिन इस बीच शशि थरूर कैम्प से चुनाव में धांधली बात कही गयी है. मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे शशि थरूर के पोलिंग एजेंट सलमान सोज़ ने कांग्रेस इलेक्शन अथॉरिटी के चेयरमैन मधुसूदन मिस्त्री को पत्र लिखकर चुनाव में धांधली की शिकायत की है. सलमान का यह आरोप उत्तर प्रदेश में मतदान को लेकर आया है. उन्होंने कहा कि यूपी में इलेक्शन नियमों की धज्जियाँ उड़ाई गयी हैं, विशषकर मतदान के दिन.
सलमान सोज़ ने अपने पत्र में वोटिंग के दौरान अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि बिना पोलिंग एजेंट के मतपेटियों को सील किया गया. अपने पत्र में सलमान सोज ने यह भी कहा कि पोलिंग एजेंट को मतदान ख़त्म होने पर समरी सीट मिलनी चाहिए जो अथॉरिटी की तरफ से नहीं उपलब्ध कराई गयी. सलमान सोज ने कुछ अन्य राज्यों में भी नियमों के उल्लंघन की बात कही है.
बता दें कि दोदशक बाद गांधी परिवार के बाहर का कोई नेता देश की कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष चुना जाएगा. दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में मतगणना का काम आज सुबह 10 बजे शुरू हुआ है और उम्मीद जताई जा रही है कि दोपहर 3 बजे नतीजा भी आ जायेगा. पार्टी मुख्यालय में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर के प्रस्तावक सांसद कार्ति चिदंबरम अन्य चुनावी एजेंटों के साथ मौजूद हैं. जबकि मल्लिकार्जुन खरगे की तरफ से सांसद सैयद नासिर हुसैन के साथ कुछ अन्य एजेंट मुस्तैद हैं.

