Site icon Buziness Bytes Hindi

कोरोना के नये स्ट्रेन को लेकर उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी


कोरोना के नये स्ट्रेन को लेकर उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी

न्यूज डेस्क। एक ओर ब्रिटेन में मिले कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन का खतरा दूसरी ओर ब्रिटेन से उत्तर प्रदेश मेें आये 565 लोगो के लापता हो जाने से यूपी सरकार की चिंताएं बढ़ गयी हैं। कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन को लेकर यूपी सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट कर दिया है। लापता 565 लोगों की तलाश के लिये हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। मगर उनमें से अधिकतर लोगों के फोन या तो स्विच ऑफ हैं या नाॅट रिचेबल आ रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग का संपर्क इन लोगों से नहीं हो पा रहा है। ऐसे में कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन के फैलने की आशंका बढ़ रही है।

नये स्ट्रेन से संक्रमित 10 मरीज उत्तर प्रदेश में मिले
ब्रिटेन में मिले कोरोना के नया स्ट्रेन के करीब दो दर्जन मामले भारत में भी सामने आये हैं। इनमे से 10 केस उत्तर प्रदेश में मिलने के कारण प्रदेश सरकार की चिंताएं बढ़ गयी हैं। मेरठ में यूनाईटेड किंगडम से वापस लौटे परिवार के कोरोना पाॅजिटिव पाये जाने के बाद कराई गयी जांच में उनकी ढाई साल की बच्ची में कोरोना का नया स्ट्रेन मिला था। ऐसे में सभी जिलों को अलर्ट रहने को कहा गया है। वहीं ब्रिटेन से उत्तर प्रदेश आए लोगों में से 565 लोग ढूंढने से भी नहीं मिल रहे। 9 दिसम्बर के बाद उत्तर प्रदेश में आए इन लोगों से स्वास्थ्य विभाग का सम्पर्क नहीं हो पा रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की चिता है कि यदि इन लोगों में कोरेाना वायरस का नया स्ट्रेन हुआ जो कि काफी तेजी से फैलता है तो यह लोग काफी संख्या में लोगों को संक्रमित कर सकते हैं। इन लोेगों को ढूंढने में स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ पुलिस भी लगी हुई है। बताया जा रहा है कि खुफिया विभाग भी अपने स्तर पर इन लापता लोगों को तलाश कर रहा है।

नये स्ट्रेन को लेकर स्वास्थ विभाग ने जारी की एडवाइजरी
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन का प्रसार रोकने के लिये स्वास्थ्य विभाग सभी आवश्यक कदम उठा रहा है। पूरे प्रदेश के विभागीय अधिकारियों व पैरामेडिकल स्टाफों के लिए स्वास्थ विभाग की ओर से जारी की गयी एडवाइजरी में कहा गया है कि वह कोरेाना वायरस के नये स्ट्रेन को लेकर पूरी एहतितात बरतें और अस्पतालों को भी हाई अलर्ट पर रखें। कोरेाना वायरस के नए स्ट्रेन से संक्रमित मरीजों को अलग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करने की व्यवस्था की जाए। विदेश से लौटे लोगों की आरटी पीसीआर रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद भी उनको 28 दिन तक घर में ही रहने को कहा जाये। विदेश से लौटे लोग घर में रहने के दौरान भी मास्क लगाकर रहे और परिवार केे कम से कम संपर्क में आयें। ऐसे लोगों में सर्दी-जुखाम, बुखार सहित दूसरे लक्षण नजर आने पर उन्हें तत्काल कोविड कंट्रोल सेंटर भेजा जाए।

Exit mobile version