- 585 नए मरीज मिले, आठ कोरोना संक्रमितों की मौत
- देहरादून में दूसरे दिन भी मिले दो सौ से अधिक कोरोना संक्रमित
देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना का खतरा खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार को कोरोना के 585 नए मरीज मिलने से राज्य में कुल मरीजों की संख्या 70790 हो गयी है। वहीं आठ संक्रमितों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 1146 हो गया है।
देहरादून में दूसरे दिन भी दो सौ मरीज से अधिक कोरोना संक्रमित मिले हैं। सावधानी बरतते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बसों में सफर करने वाले यात्रियों की कोरोना जांच शुरू कर दी है। राज्य में बेकाबू हो रहे कोरोना संक्रमण के बीच कांग्रेस ने सरकार पर लापरवाही दिखाने का आरोप लगाते हुए जागरूकता अभियान शुरू किया है।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा में 24, बागेश्वर में छह, चमोली में 57, चम्पावत में पांच, देहरादून में 210, हरिद्वार में 43, नैनीताल में 71, पौड़ी में 38, पिथौरागढ़ में 34, रुद्रप्रयाग में 28, टिहरी में 31, यूएस नगर में 30 उत्तरकाशी जिले में 8 कोरोना से संक्रमित मरीज मिले हैं। शनिवार को मिले 585 नए मरीजों के साथ राज्य में कुल मरीजों की संख्या 70790 हो गयी है।
वहीं मृतकों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। शनिवार को दून मेडिकल काॅलेज में एक, जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में दो, नीलकंठ अस्पताल हल्द्वानी में एक, हिमालयन हाॅस्पिटल में एक, श्रीनगर मेडिकल काॅलेज में दो जबकि हल्द्वानी मेडिकल काॅलेज में भर्ती एक मरीज की मौत हो गई। शनिवार को आठ कोरोना मरीजों की मौत के बाद राज्य में मृतकों की संख्या 1146 हो गयी है। वहीं शनिवार को 458 मरीजों को इलाज के बाद राज्य के विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है। राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 64851 हो गई है, जबकि 4166 मरीजों का इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि मरीजों के ठीक होने की दर 91.61 प्रतिशत हो गई है।
कोरोना की चपेट में आये देहरादून में दूसरे दिन भी दो सौ से अधिक मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। संक्रमण का प्रसार रोकने के लिये स्वास्थ्य विभाग ने बसों में यात्रियों की कोरोना जांच शुरू कर दी है। शनिवार सुबह स्वास्थ्थ्य विभाग की टीम ने आईएसबीटी पहुंच कर यात्रियों की रेंडम जांच की।
वहीं प्रदेश में फैल रहे कोरोना संक्रमण को लेकर कांग्रेस ने भी राज्य सरकार पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं है और कोरोना की जांच भी दिखावे के लिये की जा रही है। सोशल मीडिया पर जागरूकता अभियान चलाते हुए प्रीतम सिंह ने लोगों को कोरोना के लक्षण और बचाव के उपायों के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि राज्य के लोग सुरक्षा के लिए कोरोना से बचाव के सभी मानकों का सख्ती से पालन करें। प्रभावी दवाई उपलब्ध न होने तक सोशल डिस्टेंसिंग अपनाने और मास्क पहनने का विशेष ध्यान रखें।

