विश्व के सबसे खतरनाक आतंकी संगठन अलकायदा अब इंडियन सब कांटिनेंट (एक्यूआईएस) और जमाअत उल मुजाहिदीन बांग्लादेश(जेएमबी) के जरिए देश में अपनी जड़े जमाने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए उसने मदरसों को माध्यम बनाया है। अलकायदा यूपी के माध्यम से अपनी जड़े जमाने की कोशिश में हैं। इसे लेकर खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों के अलावा यूपी एटीएस ने नेपाल सीमा के पास चल रहे मदरसों की निगरानी शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि असम और बांग्लादेश के बाद एक्यूआईएस और जेएमबी आतंकी अब यूपी में नेपाल सीमा के आसपास स्थित मदरसों के जरिए घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं।
यूपी एटीएस ने बीते दिनों नेपाल सीमा से मुदस्सिर, कामिल और अलीनूर नामक संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था। मुदस्सिर ने बांग्लादेशी आतंकी अब्दुल्लाह ताल्हा व अलीनूर को शरण दी थी। एटीएस को अब ताल्हा की तलाश है। उसको प. बंगाल एसटीएफ और एनआईए भी तलाश रही है।
गौरतलब है बीते दिनों श्रावस्ती जिले में नेपाल सीमा से लगे इलाके में बड़ी संख्या में बिना मान्यता मदरसे संचालित होने की जानकारी सामने आई थी। इन मदरसों में दूसरे राज्यों के छात्रों को पढ़ाया जा रहा है। मदरसा संचालकों का कहना है वह चंदे और जकात से इनका संचालन कर रहे हैं। जबकि आसपास के लोगों की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे चंदा दे सकें।
एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ में चौकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जिनकी पुष्टि कराई जा रही है। उनके पास से मिले मोबाइल, मेमोरी कार्ड और पेन ड्राइव की फोरेंसिक जांच हो रही है। उसका डाटा रिकवरी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कुछ अन्य संदिग्ध भी एटीएस के निशाने पर है।
