Site icon Buziness Bytes Hindi

अखिलेश की चाहतः प्रधानमंत्री मोदी हमेशा स्वस्थ रहें, उनकी उम्र लंबी रहे


अखिलेश की चाहतः प्रधानमंत्री मोदी हमेशा स्वस्थ रहें, उनकी उम्र लंबी रहे

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए विवादित बयान को लेकर चौतरफा विरोध का सामना कर रहे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सफाई देते हुए कहा की उन्होंने तो सरकार पर तंज किया था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नहीं। सपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र की कामना भी की।

Read also: अखिलेश यादव के आखिरी समय वाले बयान को लेकर केंद्रीय मंत्रियों ने साधा निशाना

गौरतलब है कि वाराणसी दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा था कि वाराणसी अच्छी जगह है आखिरी समय में वही रहा जाता है। इसको लेकर भाजपा ने उन पर चैतरफा हमला बोल दिया। वहीं भाजपा उत्तर प्रदेश ने अपने ट्वीटर हैंडल पर अखिलेश के बयान को शर्मनाक बताते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री के लिए मृत्यु की इच्छा जताना उनकी (अखिलेश यादव) विकृत मानसिकता को दर्शाता है। चुनाव में सामने दिख रही हार से बौखलाए अखिलेश अपना संतुलन खो बैठे हैं।

पीएम मोदी को लेकर दिये बयान पर घिरे अखिलेश यादव ने आज कहा कि मेरे बयान का गलत अर्थ निकाला गया। मैंने सिर्फ यूपी सरकार के लिए कहा था कि वह अब जाने वाली ह,ै उसका अंतिम समय आ गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि ‘मैं चाहता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा स्वस्थ रहें और उनकी उम्र लंबी रहे।’

Read also: गलतफहमी में जी रहे हैं अखिलेश यादव, यूपी में भारी बहुमत से बन रही है भाजपा सरकार – रवि किशन

अखिलेश यादव ने कहा की उत्तर प्रदेश में मोदी और योगी का समय पूरा हो चुका है। इस बार रैलियों में जो भी दिख रही है वह वोट में तब्दील होगी क्योंकि सभी लोग भाजपा को उखाड़ फेंकना चाहते हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी लाल टोपी भारतीय जनता पार्टी के लिए खतरे की घंटी है। अब उन्हें भी समझ में आ गया है कि उनकी सरकार जाने वाली है। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में कोई विकास कार्य नहीं किए गए और किसान, नौजवान, शिक्षक, व्यापारी सहित हर वर्ग के लोग परेशान हैं। जनता इस बार प्रदेश से भाजपा सरकार को हटाने जा रही है।

Exit mobile version