कहा, अगर स्टार प्रचारक को समय मिले तो कृपा कर इस पर विचार करें
मेरठ। सरधना निवासी दसवीं कक्षा की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म और मौत के मामले में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा है कि अगर स्टार प्रचारक को समय मिले तो पा कर इस पर विचार करें। अखिलेश यादव के इस बयान से जाहिर हो रहा है कि समाजवादी पार्टी इस वारदात को मुद्दा बनाकर प्रदेश सरकार को घेरने जा रही है। वहीं प्रदेश को हिला कर रख देने वाली इस घृणित वारदात को लेकर अन्य विपक्षी दल भी सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ के थाना सरधना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में रहने वाली कक्षा 10 की छात्रा घर से ट्यूशन जाने के लिए निकली थी। परिजनों का आरोप है कि ट्यूशन जाने के रास्ते में ही गांव के ही 4 लड़कों ने उसका अपहरण कर लिया। चारों आरोपियों ने छात्रा के साथ गैंगरेप करने के बाद उसे जहर दे दिया। बदहवास हालत में अपने घर पहुंची छात्रा ने परिजनों को आपबीती बताई। परिजन पीड़िता को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार को विकास पुत्र बलवंत उर्फ बुल्ली व अभय उर्फ लखन पुत्र संजय को गिरफ्तार किया हैं। वहीं रोबिन पुत्र राजू व राजा उर्फ रोकी पुत्र रामा फरार है। पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।
छात्रा के साथ हुई दरिंदगी को लेकर जहां समाज में रोष है वहीं अब सपा मुखिया ने सीएम योगी पर चुनाव प्रचार में व्यस्त होने का जिक्र करते हुए उनसे इस वारदात पर विचार करने की बात कही है। पूर्व सीएम ने छात्रा के साथ हुई दरिंदगी को बेहद दुःखद बताते हुए श्रद्धाजंलि दी है। इस वारदात का राजनीतिकरण होने की शुरूआत होने के साथ अन्य विपक्षी दल भी इसे मुद्दा बनाने की रणनीति बनाने में जुट गये हैं। छात्रा को श्रद्धाजंलि देकर प्रदेश सरकार को घेरने का प्रयास करने पर विचार किया जा रहा है।

