Site icon Buziness Bytes Hindi

अखिलेश जी, सत्ता के लिए आपने पिता जी से किया था विश्वासघात


अखिलेश जी, सत्ता के लिए आपने पिता जी से किया था विश्वासघात

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक आते-आते नेताओं की जुबान भी बेलगाम होती जा रही है। एक-दूसरे की कार्यशैली को लेकर निशाना साधने से लेकर नेताओं के परिवार पर भी जुबानी हमले किए जा रहे हैं। नैतिकता और मर्यादा से दूर यह राजनीति बेहद निम्न स्तर पर आ चुकी है।

Read also: मैं उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा: अखिलेश यादव

बांदा की चुनावी रैली में सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कोरोना काल में प्रवासी मजदूरों के पैदल घर जाने और किसानों का जिक्र करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा था कि जिनका परिवार नहीं वह परिवार का दर्द नहीं समझ सकता है। अखिलेश यादव के इस बयान के जवाब में भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश ने ट्वीट कर अखिलेश यादव पर अपने ही पिता से विश्वासघात करने का आरोप लगाया है।

भाजपा ने एक पुराना वीडियो ट्वीट किया गया है जिसमें मुलायम सिंह यादव अपने भाई शिवपाल यादव को मंत्री पद से हटाए जाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर अपनी पीड़ा व्यक्त कर रहे हैं। उक्त वीडियो में मुलायम सिंह यादव कहते नजर आ रहे हैं कि मैंने अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाया है। जो अपने बाप का नहीं हुआ वह किसी का भी कैसे हो सकता है। मुलायम सिंह यादव आगे कहते हैं कि यह मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा अपमान था। अखिलेश यादव ने अपने चाचा को ही मंत्री पद से हटा दिया।

Read also: बंगाल : भाजपा अगले चुनाव में प्रचार के लिए किसी बाहरी नेता को नहीं लाएगी

इस वीडियो को ट्वीट करते हुए भाजपा उत्तर प्रदेश ने लिखा है कि अखिलेश भैया, योगी जी के परिवार को लेकर आप परेशान मत होइए उनके लिए तो पूरा प्रदेश ही परिवार है। और हां, उत्तर प्रदेश की जनता भूली नहीं है कि किस तरह आपने सत्ता पाने के अपने ही पिता से विश्वासघात कर उनका अपमान किया था। भाजपा के ट्वीट के बाद बयानबाजी का दौर और तेज होने की संभावना है।

Exit mobile version