सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सपा के कद्दावर नेता आज़म खान आज 27 महीने बाद सीतापुर जेल से बाहर आये। उन्हें रिसीव करने के लिए आज़म खान की फैमिली के साथ अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल भी जेल के गेट पर मौजूद थे, जिन्होंने बड़ी गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। आज़म खान जिस समय जेल बाहर निकले उस समय वहां पर सपा का कोई भी बड़ा नेता नहीं मौजूद था (अगर शिवपाल वहां सपा विधायक के रूप में गए हों तो अलग बात). ज़ाहिर सी बात है कि बातें तो निकलेंगी ही।
वहीँ आज़म खान की रिहाई पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट करके अपना फ़र्ज़ ज़रूर निभाया। उन्होंने आज़म खान की रिहाई का स्वागत करते हुए लिखा कि झूठ के लम्हे होते हैं सदियां नहीं। साथ उन्होंने भरोसा जताया कि आज़म खान सभी झूठे मुकदमों से बरी होंगे, अखिलेश ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने न्याय के नए मानक दिए हैं।
Read also: Police On Alert Mode: जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट, ये रहेगी पुलिस व्यवस्था
सुप्रीम कोर्ट द्वारा आज़म खान को ज़मानत मिलने के बाद देखा जा रहा है कि टीवी चैनलों पर आज़म खान को लेकर चल रही बहस में प्रस्पा और सपा के प्रवक्ता आपस में भिड़ रहे हैं जबकि भाजपा प्रवक्ता चुटकियां ले रहे हैं। शिवपाल यादव इससे पहले भी सीतापुर जेल जाकर आज़म खान से मुलाकात कर चुके हैं, उस समय उन्होंने कहा था कि आज़म भाई के जेल से बाहर आने के बाद ही आगे की रणनीति तय की जायेगी। बता दें कि जेल में आज़म खान से मिलने गए सपा नेताओं से आज़म खान ने ख़राब तबियत का बहाना करके मिलने से इंकार कर दिया था तब अखिलेश यादव ने कहा था कि उनके संज्ञान में यह मामला नहीं कि सपा का कौन सा नेता उनसे मिलने गया था।
वैसे आज़म खान सपा नेता ही हैं लेकिन उनकी डिमांड इस वक्त दूसरी गैर भाजपाई पार्टियों में बहुत ज़्यादा है, आज़म खान की यह ज़मानत अभी अंतरिम है, औपचारिक ज़मानत के लिए उन्हें अभी इंतज़ार करना होगा। बहरहाल आज़म खान के लिए जेल से बाहर आना उनके और उनकी फैमिली के लिए बड़ी राहत की बात है, सियासत तो चलती रहेगी।
