अजय देवगन ने निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर से कॉमेडी- ड्रामा फिल्म ‘गोबर’ के लिए हाथ मिलाया है। फिल्म का निर्देशन सबल शेखावत करेंगे। इसे 2021 के अंत तक शुरु किया जाएगा।
अजय देवगन ने फिल्म पर बात करते हुए कहा कि, “इस फिल्म की कहानी बहुत ही अनोखी, मजेदार और मनोरंजक है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों की ओर आकर्षित करेगी। हमें पूरा भरोसा है कि हम जैसा चाहते हैं, यह फिल्म वैसा ही प्रभाव डालेगी। हम चाहते हैं कि दर्शक हंसें, आराम करें, थोड़ा सोचें और साथ-साथ आनंद भी लें।”
फिलहाल फिल्म से बतौर एक्टर भी अजय देवगन जुड़ने वाले हैं या नहीं, इसका खुलासा नहीं किया गया है। फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, “फिल्म की कहानी 90 के दशक में सेट है। एक वेटरनरी डॉक्टर को लावारिस जानवरों से काफी मोहब्बत है। जानवरों के लिए वह कुछ करना चाहता है। लेकिन उसकी राह में लोकल हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन में कार्यरत भ्रष्ट अधिकारी रोड़ा अटकाते हैं। ऐसे में क्या वह डॉक्टर जानवरों को उनका हक दिलवा पाता है, फिल्म उसकी इसी जर्नी के बारे में है।”
वहीं, निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर कहते हैं, “यह एक आम आदमी की असाधारण हिम्मत की कहानी है। वह हंसी-ठहाकों के साथ भ्रष्टाचार का सामना करता है और यह संदेश पहुंचता है कि आम आदमी बहुत शक्तिशाली होता है। यह सिचुएशनल कॉमेडी फिल्म है और भ्रष्टाचार के अंदर की दुनिया का खुलासा करती है।”

