‘बाहुबली’ सीरीज के डायरेक्टर एस.एस. राजामौली की अपकमिंग फिल्म ‘ट्रिपल आर’ का इंतजार काफी लम्बे समय से किया जा रहा है। राजामौली इस प्रोजेक्ट पर बहुत समय से काम कर रहे हैं, जिस कारण दर्शकों का उत्साह सांतवे आसमान पर है। फिल्म ‘ट्रिपल आर’ में जूनियर एनटीआर, रामचरण, आलिया भट्ट और अजय देवगन जैसे बड़े-बड़े कलाकार हैं, जिस वजह से यह साल 2020 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है।
अगर ताजा मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म ‘ट्रिपल आर’ में अजय देवगन का किरदार काफी महत्वपूर्ण होगा। कुछ दिनों पहले तक ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि अजय देवगन ‘ट्रिपल आर’ में कैमियो करते दिखेंगे लेकिन तुपकी डॉट कॉम की ताजा रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिल्म ‘ट्रिपल आर’ में अजय देवगन का कैमियो नहीं बल्कि उनका किरदार काफी लम्बा होगा।
रिपोर्ट के अनुसार, राजामौली की बाहुबली में कट्टप्पा का जैसा किरदार था, वैसा ही किरदार अजय देवगन फिल्म ‘ट्रिपल आर’ में निभाएंगे। अजय देवगन ‘ट्रिपल आर’ में जूनियर एनटीआर और राणचरण को सही राह दिखाते नजर आएंगे। जूनियर एनटीआर और रणचरण के किरदारों को जब-जब जरूरत होगी, अजय देवगन का किरदार उनकी मदद करेगा।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिल्म ‘ट्रिपल आर’ के मेकर्स अजय देवगन का किरदार लम्बा करके हिन्दी भाषी दर्शकों का ध्यान भी फिल्म की तरफ खींचना चाहते हैं। अजय देवगन नॉर्थ इंडिया में एक बड़ा नाम हैं और अगर उनका किरदार लोगों को पसंद आता है तो ‘ट्रिपल आर’ की कमाई में धमाकेदार इजाफा देखने को मिल सकता है। अजय देवगन की पिछली कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही हैं, जिस कारण मेकर्स उनकी लोकप्रियता को पूरी तरह से भुनाना चाहते हैं। अजय देवगन ने लॉकडाउन से पहले ‘ट्रिपल आर’ के कुछ सीन्स शूट किए थे, जहां से सामने आई उनकी तस्वीरें खूब वायरल हुई थीं।

