मेरठ। बारिश बंद होते ही मेरठ सहित एनसीआर में हवा की गुणवत्ता खराब होने लगी है। इस बार प्रत्येक वर्ष से 15 दिन पहले मेरठ सहित एनसीआर में ग्रेप (ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान) लागू किया गया था। ग्रेप सिस्टम लागू होने के बावजूद भी मेरठ समेत एनसीआर में हवा की गुणवत्ता बिगड़ती जा रही है। रविवार को हालात ये रहे कि मेरठ का वायु सूचकांक यानी एक्यूआई 252 पर पहुंच गया। मेरठ इस समय एनसीआर में प्रदूषण के मामले में तीसरे नंबर पर है। यही हालात रहे तो सांस के रोगियों और बुजुर्गों और बीमार लोगों को आने वाले दिन में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी कए गए आंकड़ों के मुताबिक रविवार को एनसीआर में 290 एक्यूआई के साथ गाजियाबाद सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर रहा। मेरठ में भी गंगानगर का एक्यूआई 258 और जयभीमनगर का 250 तक पहुंच गया था। बारिश के बाद अब फिर दिन के तापमान में व़ृद्धि हो रही है। दिन का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.6. डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। रात में नमी बढ़ने से लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। मेरठ में प्रमुख स्थानों पर प्रदूषण की स्थिति बहुत खराब हो रही है। सबसे अधिक प्रदूषण दिल्ली रोड और गढ़ रोड पर है। दिल्ली रोड पर सबसे अधिक प्रदूषण बाईपास के पास है। जबकि गढ़ रोड पर सबसे अधिक वायु प्रदूषण मेडिकल के आसपास है।

