कराची। ईरान में हिजाब की अनिवार्यता के खिलाफ चल रहे महिला आंदोलन ने काफी जोर पकड़ लिया है। ईरान में ही नहीं विदेशों में रहने वाली महिलाएं भी हिजाब के विरोध स्वरूप सरेआम खुद के बाल काटने के अभियान में शामिल हो रही हैं। लेकिन इसी बीच अब पाकिस्तान में एयर होस्टेस को लेकर चौंकाने वाली बात सामने आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान एयर लाइंस ने एयर होस्टेस को अंडर गारमेंट पहरने की चेतावनी दी है। इसी के साथ एयर होस्टेस को ठीक से कपड़े पहनने की भी हिदायत दी है।
पाकिस्तानी मीडिाया की रिपोर्ट में कहा है कि पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस ‘पीआईए‘ ने अपने एयर क्रू के लिए सादे कपड़े पहनकर अंडर गारमेंट पहनना जरूरी कर दिया है। पाक नेशनल एयर लाइंस के महाप्रबंधक आमिर बशीर ने एयर होस्टेस के ड्रेसिंग पर आपत्ति जताई। इसके बाद एयर होस्टेस के ड्रेस कोड के संबंध में नए दिशानिर्देश दिए गए हैं।
बशीर ने कहा है कि पाक एयर होस्टेस के एयर लाइंस के आफिस में जाते समय, होटलों में ठहरने के दौरान और दूसरे शहरों की यात्रा के समय अनुचित कपड़े पहनने की शिकायतें मिली थीं। उचित ड्रेस नहीं पहनने के कारण पीआईए की छवि भी खराब हो रही है। इसलिए अब महिला परिचारिकाओं की ड्रेस पर नजर रखी जाएगी। उन्हें कहा गया है कि वे पारदर्शी कपड़े पहनते समय अंतरवस्त्र अनिवार्य रूप से पहनें। जिससे कि उनके परिधान आपत्तिजनक न लगें। उन्हें हमेशा उचित ड्रेस पहनना ही चाहिए। पाक एयर लाइंस का ये निर्देश ईरान में गहराते हिजाब विवाद के बीच सामने आया है। माना जा रहा है कि पाकिस्तान ने महिला विमान परिचारिकाओं के पहनावे को लेकर अंदरुनी विवाद से बचने के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं। पाक एयर होस्टेस का मौजूदा पहनावा परंपरागत ही है। फिलहाल पाक एयर होस्टेस तीन रंग की ड्रेस पहनती हैं। ये हैं मशरूम, हरा,मैरून। सलवार कमीज, दुपट्टा और सिर पर चांद के निशाने वाली काली टोपी। इनसे सिर से लेकर गले व पैरों तक ढंकी रहती हैं।

