Site icon Buziness Bytes Hindi

अग्निपथ योजना विरोध: हल्द्वानी में लाठी चार्ज तो देहरादून में बैरिकेडिंग तोड़कर दिया धरना

देहरादून। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर प्रदेश में सुबह से विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी रहा। प्रदेश में हरिद्वार, देहरादून, चमोली,हल्द्वानी में आक्रोशित युवाओं और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर योजना के प्रति आक्रोश जताया। राजधानी देहरादून में अग्निपथ के विरोध में बड़ी संख्या में युवक परेड ग्राउंड में जुटे। यहां से सभी रैली निकालते हुए सचिवालय की ओर कूच कर गए। लेकिन पहले से मौजूद फ़ोर्स ने इन युवाओं को इनकम टैक्स तिराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद युवाओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस बल के सामने उनकी एक नहीं चली तो वहीं पर धरना देकर बैठ गए। 

Read also: रीफॉर्म का रास्ता ही नए लक्ष्यों की ओर ले जा सकता है: पीएम मोदी

आज सोमवार को अग्निपथ के विरोध में सचिवालय कूच कर रहे युवाओं को बैरिकेडिंग लगाकर रोका तो वह वहीं धरने पर बैठकर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। युवाओं का आरोप था कि योजना लागू कर सरकार उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। हरिद्वार में अग्निपथ योजना के विरोध में युवाओं ने प्रदर्शन किया। सिटी मजिस्ट्रेट ऑफिस के बाहर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा। वहीं हल्द्वानी में प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करने के प्रति प्रदर्शनकारी युवाओं ने विरोध जताया। हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में छात्र संगठन ने विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। इसके अलावा चमोली और गोपेश्वर में भी अग्निपथ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सरकार का पुतला फूंका।

Exit mobile version