Site icon Buziness Bytes Hindi

सीतापुर के बाद लखनऊ में भी प्रियंका ने लगाई झाडू


सीतापुर के बाद लखनऊ में भी प्रियंका ने लगाई झाडू

लखनऊ। लखीमपुर खीरी हिंसा के बाद पुलिस हिरासत में सीतापुर गेस्ट हाउस में झाडू लगाकर चर्चा में आयीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज लखनऊ के एक वाल्मीकि मंदिर में झाडू लगाकर विरोधियों को करारा जवाब दे दिया। दरअसल प्रियंका गांधी के झाडू लगाने पर विरोधियों ने उन पर कटाक्ष किये थे।

Read also: लखीमपुर खीरी जाने की जिद पर अड़ी हैं प्रियंका गांधी

आज लखनऊ के लवकुशनगर स्थित दलित बस्ती पहुंच कर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अचानक हाथों में झाडू उठा ली। प्रियंका गांधी ने दलित बस्ती के वाल्मीकि मंदिर में झाडू लगाना शुरू किया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया। पूरे मंदिर की सफाई कर प्रियंका गांधी ने सीतापुर गेस्ट हाउस में झाडू लगाने पर सवाल उठाने वाले विपक्षी दल भाजपा का भी मुंह बंद कर दिया है। भाजपा के कई नेताओं ने प्रियंका गांधी को ट्रोल किया था। झाडू लगाने के बाद प्रियंका गांधी ने वाल्मीकि समाज के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानी। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस दलित हित में सोचती है और उनको साथ लेकर चलने का प्रयास करती है। पिछले दिनों कोरोना संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले शहर कांग्रेस सचिव रितेश वाल्मीकि के घर जाकर प्रियंका ने उनके परिवार को सांत्वना दी।

Read also: प्रियंका गांधी ने झाडू लगा कर जताया विरोध

पंजाब में दलित सीएम बनाये जाने के बाद कांग्रेस का रूख दलित वोटरों की ओर हो गया है। इससे दलित वोटरों का कांग्रेस के पाले में जाने की संभावनाएं बढ़ गयी हैं। कांग्रेस के इस दलित दांव से विरोधी दल खासकर भाजपा और बसपा की चिंताएं बढ़ गयी हैं। बसपा को अपना दलित वोट बैंक खोने की आशंका सता रही है तो भाजपा को दलित वोटों के समर्थन से कांग्रेस के और अधिक मजबूत होने की चिंता है।

Exit mobile version