Site icon Buziness Bytes Hindi

मेरठ के बाद अब अलीगढ़ में भी सराफ से लूट


मेरठ के बाद अब अलीगढ़ में भी सराफ से लूट

अलीगढ़/मेरठ। उत्तर प्रदेश में सराफा कारोबारी बदमाशों के निशाने पर हैं। मंगलवार को मेरठ के जागृति विहार क्षेत्र में सराफा कारोबारी अमन जैन की हत्या कर लूट के मामले का खुलासा भी नहीं हुआ कि शुक्रवार को अलीगढ़ में ग्राहक बनकर आये बदमाशों ने सिर्फ 30 सेकंड में 40 लाख का सोना और 40 हजार रूपये नगद लूट लिये।

यह सनसनीखेज वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लूट का जल्द खुलासा करने का दावा किया है। वहीं भरी दोपहरी हुई इस वारदात से सराफा कारोबारियों में आक्रोश है।


अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना क्षेत्र में सारसौल स्थित खैर रोड पर सराफा कारोबारी सुदंर वर्मा का सुंदर ज्वेलर्स के नाम से शोरूम है। शुक्रवार दोपहर सुंदर वर्मा, उनका बेटा यश वर्मा, नौकर धर्मेश के अलावा तीन ग्राहक दुकान में मौजूद थे।

इसी बीच मास्क पहने तीन युवक ग्राहक बनकर शोरूम में आये और वहां मौजूद लोगांे पर हथियार तान दिये। इतने में सुंदर वर्मा शोरूम में लगे गेट से अपने घर के अंदर घुस गये। बदमाशों ने बाकी लोगों को हथियारों से आतंकित करते हुए 40 लाख का सोना और 40 हजार रूपये नकद लूट लिये और मात्र तीस सेकंड में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गये।

सराफा कारोबारी से लूट की सूचना फ्लैश होते ही आईजी पीयूष मोर्डिया, एसएसपी मुनिराज जी., एसपी क्राइम डाॅ. अरविंद, एसपी सिटी अभिषेक आदि घटना स्थल पर पहुंचे गये। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को देखते हुए बदमाशों की तलाश में अनेक जगह दबिश दी मगर रात तक बदमाश पकड़ में नहीं आये थे।

हालांकि एसएसपी मुनिराज जी. का कहना है कि जल्द ही लूट का खुलासा कर दिया जायेगा। वहीं सराफा कारोबारी से हुई लूट के बाद अलीगढ़ के सराफा कारोबारियों में दहशत का माहौल है। उन्होंने वारदात के जल्द खुलासा न किये जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

Exit mobile version