तालिबान ने अफगानिस्तान में नया फरमान जारी करते हुये सनसनी फैला दी है, जहाँ उन्होंने लिंग भेद को लेकर नयी योजना लागू की है, यह योजना हेरात प्रान्त में लागू की गयी है। वहीं इसके मुताबिक पुरुषों को अब फैमिली रेस्त्रां में परिवार के सदस्यों के साथ भोजन करने की अनुमति नहीं दी जायेगी, साथ ही महिला और पुरुष एक साथ पार्क में भी नहीं जा सकेंगे। बता दें कि यह नियम सदाचार फैलाने और कदाचार रोकने वाले मंत्रालय की ओर से जारी किया गया है, जोकि पति-पत्नी पर भी लागू होगा।
वहीं इसके बाबत एक महिला ने आपबीती बताते हुये कहा कि वह कल एक होटल में खाना खाने गयी थी, इस पर वह अपने पति के साथ बैठ गयी लेकिन वहाँ के मैनेजर ने उन्हें ऐसा करने से मना कर दिया। जिसके कारण उन्हें अलग बैठ के खाना पड़ा। वहीं मंत्रालय ने इसके बाबत बयान जारी करते हुये कहा है कि हेरात प्रान्त के पार्कों के लिये भी एक आदेश जारी किया गया है, जिसके अनुसार पार्कों में पुरुषों और महिलाओं को अलग-अलग दिन जाने के लिये कहा गया है। आगे उन्होंने जानकारी देते हुये कहा कि गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार महिलाओं का दिन है, जबकि पुरुषों के लिये रविवार, सोमवार, मंगलवार, बुधवार के दिन होगा।
इसके साथ ही तालिबान अफगानिस्तान के लोंगो के ऊपर नये-नये प्रतिबंध लगाता जा रहा है, जहाँ उसने मार्च में एक फरमान जारी करते हुये कहा था कि देश में महिलाओं के अकेले सफर करने में रोक रहेगी, अगर किसी महिला को लंबी दूरी में जाना है तो एक पुरुष का साथ होना जरूरी है। इसके साथ ही अफगानिस्तान में महिलाओं को गाड़ी चलाने का लाइसेंस बन्द कर दिया है, साथ ही वहाँ उनके लिये हिजाब अनिवार्य कर दिया गया है।
