नैनीताल। आदि कैलास के लिए पहला जत्था कल भीमताल से धारचूला के लिए कल मंगलवार को रवाना होगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी है। बता दें कि कोरोना संक्रमण के चलते पिछले दो साल से आदि कैलास यात्रा पर भी प्रतिबंध लगा हुआ था। दो साल बाद जब सभी प्रकार के प्रतिबंध समाप्त हो गए हैं तो ऐसे में दो साल बाद कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से संचालित आदि कैलास यात्रा कल मंगलवार से शुरू रही है। यात्रा को लेकर शिव भक्तों में उत्साह है। अभी तक आदि कैलाश यात्रा के लिए 700 से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। पहला दल कल मंगलवार 31 मई को भीमताल टीआरसी से धारचूला के लिए रवाना होगा। कुमाऊं मंडल विकास निगम ने इस बार नोएडा की संस्था डिवाइन मंत्रा प्रा लि ट्रिप टू टेंपल्स के साथ अनुबंध किया गया है। संस्था को परिवहन, यात्री रजिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निगम 1990 से आदि कैलास यात्रा का आयोजन करा रहा है। पहले इस यात्रा के लिए सड़क ना होने के कारण आवागमन में करीब दो सौ किलोमीटर तक पैदल चलना होता था।
अब भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार के के सहयोग से सीमा सड़क निर्माण विभाग के सानिध्य में नावीढांग एवं जोलीकांग तक राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। जिससे श्रद्धालुओं को अब करीब सौ किमी से अधिक पैदल नहीं चलना पड़ेगा। केएमवीएन के जीएम एपी बाजपेयी ने बताया कि कैलास यात्रा की तैयारी पूरी हो गई है। संस्था संचालक विकास मिश्रा ने जानकारी दी कि पहले दल में 15 महिलाओं समेत 30 श्रद्धालुगण शामिल हैं। इसके अलावा निगम का गाइड भी इनके साथ है। अब तक सात सौ से अधिक यात्री पंजीकरण करवा चुके हैं। जून माह तक के रजिस्ट्रेशन पूरी तरह से बुक हो चुके हैं।
