इंटरनेशनल डेस्क – कांगो के नॉर्थ किवु प्रांत में इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकी गुट ADF ने एक जनाजे पर हमला कर कम से कम 60 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। यह हमला नतोयो गांव में हुआ, जहां लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जमा हुए थे। चश्मदीद के मुताबिक, लगभग 10 हमलावर तलवार और छुरे लेकर आए, लोगों को एक जगह जमा किया और फिर उन पर हमला कर दिया।
स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी कर्नल एलन किवेवा ने बताया कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है क्योंकि लाशों की गिनती जारी है। कई लोगों के सिर काट दिए गए थे। इसी दिन बेनी क्षेत्र में ADF के एक और हमले में कम से कम 18 लोगों की जान गई।
मानवाधिकार कार्यकर्ता क्लॉड मुसावुली ने बताया कि ग्रामीण शवों की पहचान के लिए इकट्ठा हो रहे हैं और ज्यादातर शव तलवार से बुरी तरह क्षत-विक्षत हैं। उन्होंने कहा, “हमें समझ नहीं आ रहा कि इस हालात का क्या करें।”
ADF 2019 में इस्लामिक स्टेट से जुड़ा और कांगो-युगांडा सीमा पर सक्रिय है। सेना के अभियानों के बावजूद, यह गुट लगातार नागरिकों को निशाना बना रहा है। जुलाई में भी इटुरी प्रांत में इसके हमलों में 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर तुर्क ने कहा कि पूर्वी कांगो में सरकारी सेना और अन्य विद्रोही गुटों के बीच संघर्ष के कारण सुरक्षा का खालीपन बन गया है, जिसका फायदा ADF जैसे आतंकी गुट उठा रहे हैं।

